मध्य प्रदेश में दुर्गा उत्सव को लेकर पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। 11 से 25 अक्टूबर को पुलिसकर्मियों कोई छुट्टी नहीं मिलेगी। इमरजेंसी में सीनियर अधिकारियों की अनुमति से छुट्टी मिलेगी। बाद में इन्हें क्षतिपूर्ति अवकाश दिया जाएगा।
हाइलाइट्स
एमपी में दशहरा और दुर्गा उत्सव को लेकर पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
11 से 25 अक्टूबर को नहीं मिलेगा सामान्य अवकाश
इमरजेंसी के दौरान सीनियर अधिकारियों की अनुमति से छुट्टी मिलेगी
बाद में पुलिसकर्मियों को मिलेगा क्षतिपूर्ति अवकाश
भोपाल: मध्य प्रदेश में दशहरा और दुर्गाउत्सव को लेकर पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इसे लेकर डीजीपी ने आदेश जारी कर दिया है। पुलिसकर्मियों को 11 से 25 अक्टूबर तक कोई छुट्टी नहीं मिलेगी। पुलिस बल की ड्यूटी फील्ड में व्यवस्था संभालने को लेकर होगी।
छुट्टियों पर लगाई गई रोक
दरअसल, 11 अक्टूबर से मध्य प्रदेश में दुर्गा उत्सव की शुरुआत हो रही है। साथ ही 20 अक्टूबर को दशहरा है। इसके आगे भी धार्मिक आयोजन होते रहते हैं। ऐसे में पुलिस के लिए कानून व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ करना सबसे बड़ी चुनौती है। पूरे प्रदेश में इसे चाक-चौबंद रखने के लिए सभी पुलिस अफसरों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई हैं।
11 से 25 अक्टूबर तक नो लीव
डीजीपी कैलाश मकवाना के निर्देश पर स्पेशल सेल ने यह आदेश जारी किया है। 11 से 25 अक्टूबर तक अवकाश पर प्रतिबंध रहेगा। इसकी प्रति सभी एडीजी, जोनल आईडी, डीआईजी, पुलिस कमिश्नर और एसपी को भेजी गई है। साथ ही रेल पुलिस को भी भेजाी गई है।
इमरजेंसी छुट्टी मंजूर हो सकती
इस दौरान पुलिसकर्मियों को कोई भी सामान्य अवकाश नहीं मिलेगा। उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों की मंजूरी के बाद इमरजेंसी छुट्टी मिल सकती है। वहीं, अगर सीनियर अधिकारियों को छुट्टी की जरूरत पड़ी तो डीजीपी मंजूर कर सकेंगे।
क्षतिपूर्ति अवकाश मिलेगा
त्यौहारों के बाद जवानों को रोटेशन के अनुसार क्षतिपूर्ति अवकाश मिलेगा। वहीं, ड्यूटी के दौरान उनका ख्याल भी रखा जाएगा। खानपान, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की जाएगी।
मैदान में मौजूद रहेगा अमला
दुर्गा उत्सव के दौरान पुलिस अमला मैदानों में मौजूद रहेगा। इस दौरान तमाम गतिविधियों पर नजर रखेंगे। साथ ही संवेदनशील इलाकों में लगातार नजर रखी जा रही है। फ्लैग मार्च और पैदल गश्त करेंगे।

