Homeटॉप न्यूज़महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव से पहले महायुति में रार, बागियों ने भी...

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव से पहले महायुति में रार, बागियों ने भी भर दिया पर्चा, दिलचस्प हुआ मुकाबला

महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर 23 अक्टूबर को वोटिंग होगी। चुनाव के लिए प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया गया है। नाम सामने आते है महायुति से लेकर महाविकास अघाड़ी तक में खींचतान शुरू हो गई है। महायुति की सहयोगी बीजेपी, एनसीपी और शिंदे सेना में बगावत सामने आई है।

मुंबई : महाराष्ट्र में 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की समयसीमा समाप्त होने के साथ ही सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास आघाडी (एमवीए) दोनों में बगावत सामने आ गई। दोनों गठबंधनों के असंतुष्ट दावेदारों ने आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन दाखिल किए हैं। पार्टी के भीतर बगावत के अलावा गठबंधन के घटक दलों के बीच भी सीट को लेकर खींचतान सामने आई है और कुछ दलों ने एक-दूसरे की सीट पर दावे करते हुए उम्मीदवार उतार दिए हैं।

78 सदस्यीय विधान परिषद की पांच सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं। ये पुणे संभाग स्नातक, नागपुर संभाग स्नातक, पुणे संभाग शिक्षक, छत्रपति संभाजीनगर संभाग स्नातक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं।

कांग्रेस ने अभिजीत वंजारी और बीजेपी ने सुधाकर कोहले को उतारा

भाजपा, एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) महायुति के घटक हैं, जबकि कांग्रेस, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) एमवीए का हिस्सा हैं। नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस ने अपने मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने सुधाकर कोहले को मैदान में उतारा है।

बीजेपी के अनिल सोले निर्दलीय उतरे

हालांकि, भाजपा में भी सब कुछ ठीक नहीं है। पूर्व विधान परिषद सदस्य और पार्टी नेता अनिल सोले ने टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस ने अदिति पोहरे को उम्मीदवार बनाया है, जबकि महायुति ने शिवसेना के मौजूदा विधान परिषद सदस्य किरण सरनाइक को मैदान में उतारा है। हालांकि, कांग्रेस के उम्मीदवार के बावजूद शिवसेना (उबाठा) ने दत्तात्रेय लहाने को भी मैदान में उतार दिया है।

बीजेपी प्रत्याशी के सामने शिंदे सेना के मंगेश चिवटे

शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा था कि पार्टी ने अमरावती शिक्षक सीट से लहाने और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट से दिलीप घुगे को उम्मीदवार बनाया है। पुणे स्नातक सीट से भाजपा की स्मिता जाधव ने नामांकन दाखिल किया है। वह ‘पुधारी’ समूह के अध्यक्ष एवं संपादक योगेश जाधव की पत्नी हैं। पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के कौस्तुभ गावड़े ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि उसकी सहयोगी शिंदे सेना के मंगेश चिवटे ने भी इसी सीट से नामांकन दाखिल किया है।

सुनील तटकरे बोले- सुलझा लिया जाएगा विवाद

एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए सीट बंटवारे का मुद्दा गठबंधन सहयोगियों के बीच बातचीत से सुलझा लिया जाएगा। सुनील तटकरे ने कहा कि एनसीपी के पास छत्रपति संभाजीनगर स्नातक और पुणे स्नातक, दो सीटें थीं और पार्टी को उम्मीद थी कि गठबंधन में पुणे सीट उसे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वह और एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत पार्टी के सभी नेता उम्मीद कर रहे थे कि पुणे सीट एनसीपी को मिलेगी, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है।

23 अक्टूबर को वोटिंग

सुनील तटकरे ने कहा कि पहले इस मुद्दे पर पार्टी के भीतर चर्चा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री तथा भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस से भी बात की जाएगी। तटकरे ने कहा कि जब भी ऐसा सवाल उठता है, उसे सुलझाने के तरीके होते हैं। बेशक, बातचीत ही एकमात्र रास्ता है। हमें आपस में सौहार्दपूर्ण तरीके से चर्चा करनी होगी और कोई फार्मूला निकाला जा सकता है। मतदान 23 अक्टूबर को होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। संबंधित भौगोलिक संभाग में रहने वाले पंजीकृत स्नातक और शिक्षक इन चुनावों में मतदान के पात्र होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments