मुजफ्फरनगर में कॉलेज जा रही छात्रा के साथ युवक ने अभद्रता की। युवक पर आरोप है कि उसने छात्रा का हाथ पकड़कर उसके साथ मारपीट की। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे के छोटे बाजार में कॉलेज जा रही एक छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में काली शर्ट पहने एक युवक छात्रा के पीछे आता है और उसे रास्ते में रोकने की कोशिश करता है। एक अन्य फुटेज में युवक छात्रा का हाथ पकड़कर उसके साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में नाराजगी है।
सुबह कॉलेज जाते समय रास्ता रोकने का सीसीटीवी वीडियो गुरुवार सुबह करीब 8 बजे का बताया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में छात्रा कॉलेज जाने के लिए बाजार से गुजर रही थी। इसी दौरान एक युवक उसके पीछे आता दिखाई देता है। आरोप है कि युवक ने रास्ते में छात्रा को रोककर उसके साथ अभद्रता की। फुटेज में छात्रा के साथ धक्का-मुक्की होती भी दिखाई दे रही है।
वीडियो में हाथ पकड़कर थप्पड़ मारता दिखा युवक
घटना से जुड़ा दूसरा वीडियो करीब 39 सेकेंड का बताया जा रहा है। इसमें युवक छात्रा का हाथ पकड़ता हुआ दिखाई देता है। इसके बाद युवक छात्रा को थप्पड़ मारता नजर आता है। छात्रा पीछे हटती दिखाई देती है। फुटेज में घटना का समय सुबह करीब 7:57 बजे दर्ज नजर आ रहा है।
दो वीडियो सामने आने के बाद मचा हड़कंप
घटना के दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। बाजार और कॉलेज जाने वाले रास्ते पर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि सुबह के समय कॉलेज जाने वाली छात्राओं के साथ इस तरह की घटना बेटियों की पढ़ाई ने केवल बाधित करेंगी बल्कि उनकी पढ़ाई छूट भी सकती है।
सीसीटीवी के आधार पर जांच की मांग
सीसीटीवी फुटेज को लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस मामले की जांच कर युवक की पहचान कर कार्रवाई की बात कह रही है।

