नोएडा के सेक्टर-94 में एक युवक ने सुपरनोवा सोसाइटी की 43वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना के दौरान एक एसी मैकेनिक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका.
नोएडा के सेक्टर-94 से एक युवक के सुसाइड का मामला सामने आया है. यहां सुपरनोवा सोसाइटी की 43वीं मंजिल से कूदकर एक युवक ने जान दे दी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. मामला थाना सेक्टर-126 क्षेत्र का है. ऊंचाई से गिरने के कारण युवक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया. सामने आया है कि युवक के शरीर के कई हिस्से हो गए.
मृतक की पहचान संभव जैन के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, संभव गुरुग्राम के मानेसर का रहने वाले थे और इस बिल्डिंग में एक दिन पहले ही अकेले ठहरने आए थे.
जानकारी के मुताबिक, संभव शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे ऑनलाइन बुकिंग के जरिए यहां रहने आए थे. पुलिस ने बताया कि 3 अक्टूबर को युवक के बालकनी से कूदने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-126 पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान संभव जैन पुत्र विनय कुमार जैन के रूप में हुई. वह टावर-ए, आईएमटी व्यू सीजीएचएस, जीएच-52, सेक्टर-1 आईएमटी मानेसर, गुरुग्राम का रहने वाला था. पुलिस का कहना है कि युवक कमरे की बालकनी की रेलिंग से लटकने के बाद नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, मृतक ने एक दिन पहले ही सुपरनोवा में कमरा बुक किया था. घटना के दौरान जब युवक ऊंचाई से कूदने की कोशिश कर रहा था, तभी वहां मौजूद एक एसी मैकेनिक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह उसे रोक नहीं सका. बताया गया है कि घटना से पहले युवक ने एसी मैकेनिक से कहा था कि वह डिप्रेशन में है. इसके बाद युवक 43वीं मंजिल से गिर गया और उसकी मौत हो गई.
मानसिक तनाव में था युवक
जानकारी के मुताबिक,AC रिपेयर कर रहे मैकेनिक ने संभव को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे रोक नहीं पाए. बताया गया है कि संभव ने उससे कहा था कि वह डिप्रेशन में है. पुलिस के अनुसार, घटनाक्रम के समय आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ में भी युवक के मानसिक तनाव में होने की जानकारी मिली है.
कर्ज से परेशान होने की बात, पिता के साथ चैट भी मिली
जानकारी के मुताबिक, संभव जैन कर्ज को लेकर परेशान था और पिछले चार दिनों से घर से गायब था. उसके पिता के साथ हुई चैट भी मिलने की बात सामने
आई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है. शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

