उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद के राजेंद्र नगर सेक्टर 3 में सीनियर एडवोकेट आशीष पन्नू रहते हैं। वह तीस हजारी कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। उनके साथ मारपीट की घटना सामने आई है।
गाजियाबाद: साहिबाबाद में कुछ दबंगों ने सरेआम एक सीनियर एडवोकेट और उनकी पत्नी को निशाना बनाया। सामान लेने दुकान पर पहुंचे एडवोकेट को हमलावरों ने घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटने लगे। पति को बचाने पहुंची महिला के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
यह घटना साहिबाबाद के राजेंद्र नगर सेक्टर-3 की है। यहां रहने वाले दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट के सीनियर एडवोकेट आशीष पन्नू अपनी पत्नी प्रेषिका और बच्चों के साथ किराना सामान लेने पहुंचे थे। आशीष के मुताबिक, कार सड़क किनारे खड़ी करने के बाद वह दुकान के अंदर गए। इसी दौरान 5-6 युवक लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और उन्हें दुकान से खींचकर सड़क पर ले आए।
दुकानदारों ने बचाया
आशीष ने पुलिस को बताया कि सड़क पर गिराने के बाद हमलावरों ने उन्हें लात-घूंसों और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। उनके मुताबिक, आरोपियों ने करीब 17 डंडे मारे। शोर सुनकर पत्नी प्रेषिका उन्हें बचाने के लिए पहुंचीं तो हमलावरों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। आसपास के दुकानदारों और लोगों ने किसी तरह दोनों को हमलावरों से बचाया।
आपसी विवाद में मारपीट करने का आरोप
आशीष का आरोप है कि उनके मकान से सटी एक बिल्डिंग में बेसमेंट बनाए जाने से घर में दरारें आ गई हैं। इस निर्माण को लेकर उन्होंने पुलिस अधिकारियों के अलावा लखनऊ में शासन के अधिकारियों से शिकायत की थी। वकील का कहना है कि इसी शिकायत से नाराज होकर उनके साथ मारपीट की गई।
वकील के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपी गाली-गलौज करते हुए सुशील गुप्ता के मकान की शिकायत करने को लेकर सवाल कर रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने दोबारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद आशीष पन्नू ने साहिबाबाद थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि वकील की पिटाई के मामले की जांच कराई जा रही है। शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

