Homeभारतउत्तरप्रदेशहमीरपुर: कस्बे के गुटका कारोबारी ने की 200 करोड़ की कर चोरी!...

हमीरपुर: कस्बे के गुटका कारोबारी ने की 200 करोड़ की कर चोरी! 15 घंटे चली GST की छापामारी

यूपी के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में एक गुटका कारोबारी के ठिकानों पर जीएसटी की टीम ने छापा मारा। अनुमान है कि व्यापारी पर करीब 200 करोड़ रुपये के कर की चोरी करने का आरोप है।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में करीब 200 करोड़ रुपये के वस्तु एवं सेवा कर, यानी गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) की चोरी को लेकर लखनऊ से आई जीएसटी की टीम ने एक गुटका (गुटखा) कारोबारी के ठिकाने और गोदाम में छापेमारी की। दो दर्जन से अधिक अधिकारी प्रतिष्ठान और गोदाम में दस्तावेज और बिल रिकार्डों की जांच करने में जुटे रहे। यह कार्रवाई लगातार 16 घंटे तक चली जिससे पूरे क्षेत्र में इस कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा रहा। छापेमारी की कार्रवाई से पहले ही गुटका कारोबारी फरार हो गया था।

गुटका के अलावा सब्जियों के मसालों का भी कारोबार

हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे के मुख्य बाजार में गढ़ाना तालाब के किनारे अमित कुमार का गुटका, तंबाकू का बड़ा कारोबार है। पिछले एक दशक से यह कारोबारी अमित ओमर एस ट्रेडर्स के नाम से बुंदेलखंड और आसपास के इलाकों में नेटवर्क फैलाए है। मौदहा कस्बा सहित आसपास के क्षेत्र व जिलों में प्रचलित ‘किस्मत’ नामक गुटका इसी कारोबारी का प्रोडक्शन है। इसके अलावा सब्जियों के कई मसालों सहित अन्य दर्जनों उत्पादों का व्यापार इस फर्म में होता है।

लखनऊ से पहुंचा कारों का काफिला

शुक्रवार को लखनऊ के रजिस्ट्रेशन नंबर की आधा दर्जन से अधिक लग्जरी कारों का काफिला अमित ओमर ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान और गोदाम पर पहुंचा। इस दल में बड़ी संख्या में जीएसटी अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों के अलावा महिला पुलिस कर्मी भी थीं। इस टीम ने गोदाम और मकान को पहले चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद गोदाम का गेट खुलवाकर जीएसटी टीम अंदर पहुंची।

व्यापारी के दस्तावेजों की हुई जांच

टीम ने गोदाम को अंदर से लॉक करा दिया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से कुछ दरोगा और सिपाही गोदाम के बाहर मौजूद रहे। छापेमारी की कार्रवाई 16 घंटे तक लगातार चली। सूत्रों की मानें तो तकरीबन 200 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के मामले को लेकर जीएसटी की टीम ने बिल, रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की।

कस्बे के व्यापारी हुए चिंतित

जीएसटी अधिकारियों की छापेमारी की भनक लगते ही मौदहा कस्बे मे तमाम प्रतिष्ठानों के शटर धड़ाधड़ गिरने शुरू हो गए। जीएसटी की छापामारी की सूचना पाते ही एसडीएम करन वीर सिंह व सीओ आरके पांडेय भी मौके पर पहुंचे। हालांकि थोड़ी देर बाद दोनों अफसर लौट गए।

मौदहा कोतवाली के प्रभारी संतोष सिंह ने शनिवार को बताया लखनऊ से जीएसटी टीम ने आकर यहां छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान कोतवाली से पुलिस बल भेजा गया था। गौरतलब है कि पिछले साल भी सुमेरपुर कस्बे में जीएसटी चोरी को लेकर लखनऊ और कानपुर की टीमों ने गुटका कारोबारियों पर छापामारी की थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments