मायावती का आरोप है कि आकाश आनंद बसपा कार्यकर्ताओं के बीच उनकी बीमारी को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। वह अब भी ससुर के इशारे पर चल रहे हैं।
लखनऊ: बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद पर तीखा हमला बोला है। मायावती ने कहा कि हाल फिलहाल पार्टी से निकाले गए लोगों ने कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम फैलाया है कि बहन जी काफी बीमार चल रही हैं। इसीलिए वह बड़े बड़े मामले भी मीडिया में ना आकर सीधे सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये बता रही हैं।
मायावती ने पार्टी दफ्तर पर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया- मेरे पार्टी इंचार्ज आलोक कुमार के पास आकाश आनंद ने फोन किया। आकाश आनंद ने पूछा कि क्या बहन जी बीमार चल रही हैं। उनका स्वास्थ्य कैसा है। आलोक कुमार ने कहा नहीं ऐसा नहीं है। मायावती बिल्कुल ठीक हैं। अपने काम में लगी हुई हैं। इस पर आकाश आनंद ने कहा कि मेरी यह बात बहनजी को नहीं बताना। इसके बाद उन्होंने फोन रख दिया।
‘आकाश अब भी ससुर के इशारे पर चल रहा’
बसपा चीफ ने आगे कहा- मेरे इस मामले में आकाश आनंद की मानसिकता सही भी हो सकती है और गलत भी हो सकती है। आकाश आनंद अभी भी अपने दिमाग से काम नहीं कर रहा है। वह अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के इशारे पर चल रहा है।
‘मुख्य सेक्टर प्रभारी पद खत्म करने से बसपा को फायदा’
इससे पहले मायावती ने पार्टी को लेकर कहा कि मुख्य सेक्टर प्रभारी का पद खत्म किया गया है और उनके कठोर कदमों से पार्टी को फायदा हुआ है। उन्होंने बसपा कार्यकर्ताओं को यूपी चुनाव को लेकर जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हमेशा पार्टी मूवमेंट में जुटे रहें।
बसपा से निकाले जा चुके हैं आकाश आनंद
गौरतलब है कि मायावती ने हाल ही में आकाश आनंद को एक बार फिर बसपा से पूरी तरह मुक्त कर दिया है। उनका कहना है कि आकाश अभी परिपक्व नहीं हो पाए हैं और अपने ससुर अशोक सिद्दार्थ के दिमाग से चल रहे हैं। इससे पहले मायावती ने आकाश आनंद से नेशनल कोऑर्डिनेटर का पद छीन लिया था।

