गोरखपुर के चौरी चौरा इलाके में 370 भरे हुए गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक के इंजन में देर रात आग लग गई. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने आसपास का इलाका खाली कराया और फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
यूपी के गोरखपुर में 370 भरे हुए गैस सिलेंडरों से लदे एक ट्रक में आग लगने से देर रात हड़कंप मच गया. मामला चौरी चौरा थाना क्षेत्र के आमकोल गांव का है, जहां 11 और 12 सितंबर की दरमियानी रात ट्रक के इंजन में अचानक भीषण आग लग गई. ट्रक में बड़ी संख्या में भरे हुए गैस सिलेंडर थे. गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया.
घटना की सूचना मिलते ही चौरी चौरा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई. गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक में आग लगने की सूचना के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. आसपास मौजूद लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया गया.
ट्रक में करीब 370 भरे हुए गैस सिलेंडर लदे थे. ऐसे में आग फैलने या सिलेंडरों तक पहुंचने की आशंका से स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई. मौके पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. किसी भी व्यक्ति को घटनास्थल के करीब जाने से रोक दिया.
इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और कुछ देर की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. पुलिस और फायर ब्रिगेड की सतर्कता के चलते आग को समय रहते कंट्रोल कर लिया गया.
सीओ चौरीचौरा कुंदन सिंह ने बताया कि रात्रि में थाना चौरी चौरा क्षेत्र के ग्राम आमकोल में गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने एरिया को डिमार्केट करते हुए आमजन को सुरक्षित किया और लोगों को घटनास्थल से दूर रखा.
सीओ ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने प्रयास करते हुए आग पर काबू पा लिया. समय रहते आग बुझा दिए जाने के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.
पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रक के इंजन में आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे क्या वजह रही. पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

