गुलाबबाड़ी पार्क जल्द अयोध्यावासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। करीब 2.98 करोड़ रुपये की लागत से पार्क में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
अयोध्या कैंट इलाके में स्थित ऐतिहासिक गुलाबबाड़ी पार्क का व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है। पर्यटन विभाग और श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की पहल पर लगभग 2.98 करोड़ रुपये की लागत से पार्क में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
आर्कियोलाजिकल सर्वे आफ इंडिया संरक्षित इस पार्क को नया रूप देने के लिए टेराकोटा फ्लोरिंग, लैंडस्केपिंग, बच्चों के खेल क्षेत्र, ओपन जिम, म्यूरल वॉल, स्टोन बेंच और पेयजल व्यवस्था जैसी सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं। यह पार्क सुबह मार्निंग वॉक का मुख्य सेंटर बनने के साथ-साथ अब पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र भी बनने जा रहा है। जहां की प्राकृतिक सुंदरता उन्हें सुकून देगी।
नवाबी काल का भवन
गुलाबबाड़ी परिसर में अवध के तीसरे नवाब, शुजा-उद-दौला का मकबरा और चारबाग शैली के ऐतिहासिक भवन हैं। जहां पहले गुलाबों के बगीचे, फव्वारे और पानी की नहरें थीं। यह पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है। इधर कई सालों से यह उपेक्षित रहा। कभी गुलाब के फूल की विविध प्रजातियों का नजारा गुलाब बाड़ी में ही देखने को मिलता था इसी से इसे गुलाब बाड़ी नाम से जाना जाने लगा।
एएसआई ने सुंदरीकरण के लिए दी अनुमति
एएसआई की अनुमति मिलने के बाद सुंदरीकरण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना में पाथवे निर्माण, बाउंड्री वॉल की मरम्मत और पेंटिंग, क्लैडिंग, ग्रिल पेंटिंग, हॉर्टिकल्चर, आकर्षक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के लिए झूले-स्लाइडर और युवाओं के लिए ओपन जिम शामिल हैं। पश्चिम दिशा का झाड़ियों से भरा क्षेत्र भी साफ कर मनोरंजन योग्य बनाया जा रहा है।
गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने का लक्ष्य
कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि टेराकोटा फ्लोरिंग, लैंडस्केपिंग और स्टोन बेंच जैसे कार्यों से पार्क का सौंदर्य बढ़ेगा। म्यूरल वॉल और पेयजल व्यवस्था से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने का लक्ष्य है। अब तक 55 फीसदी कार्य हो चुका है।
इसी साल पूरा हो जाएगा काम
श्री अयोध्या तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार के मुताबिक पुरातत्व विभाग की स्वीकृति मिलने के बाद गुलाबबाड़ी पार्क में सुंदरीकरण शुरू कराया गया है। यह इसी साल पूरा हो जाएगा। बाउंड्रीवॉल की मरम्मत और रंगाई-पेंटिंग कराकर आकर्षक बनाया जा रहा है। बच्चों के खेल-कूद के लिए झूले और स्लाइडर लगाए जाएंगे, पाथवे बनेगा और युवाओं के लिए ओपन जिम स्थापित किया जाएगा। सफाई के लिए डस्टबिन भी रखे जाएंगे।

