सहारनपुर में पुलिस कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलर्ट है। इसी को देखते हुए थाना कुतुबशेर पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।
सहारनपुर में कलक्ट्रेट स्थित मस्जिद को ध्वस्त करने के बाद से माहौल गरमाया हुआ है। प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। इस बीच पुलिस कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलर्ट है। इसी को देखते हुए थाना कुतुबशेर पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान हुदा जरीवाला के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर को नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार राय के सहारनपुर दौरे के दौरान सर्किट हाउस में सुरक्षा व्यवस्था के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
महिला ने हंगामा किया
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान हुदा जरीवाला, पुत्री अब्दुल गफ्फार जरीवाला, निवासी यूनिटेक ओरायजन, ग्रेटर नोएडा को महिला पुलिसकर्मियों ने रोका। आरोप है कि इस दौरान महिला ने हंगामा किया और उत्तेजित व्यवहार किया। पुलिस के अनुसार, समझाने के बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हुई।कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को देखते हुए पुलिस ने हुदा जरीवाला को सर्किट हाउस से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार महिला को समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे जिला कारागार भेज दिया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में थाना कुतुबशेर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में की गई।
बता दें कि कलक्ट्रेट परिसर में मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद सपा और कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया। सपा के 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के मंडलायुक्त से मिलने की घोषणा के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। ज्यादातर सपाइयों को पुलिस ने गृह जनपद में ही हाउस अरेस्ट कर लिया। सर्किट हाउस में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव, सांसद इकरा हसन समेत अन्य नेता पहुंचे हुए थे। जिससे माहौल काफी गरमाया हुआ था।

