Homeभारतउत्तरप्रदेशस्कूटी सवार को टक्कर मारकर भाग रहा था ट्रक, कैंटर से भिड़ा...

स्कूटी सवार को टक्कर मारकर भाग रहा था ट्रक, कैंटर से भिड़ा तो लगी आग, जिंदा जल गया ड्राइवर

उत्तरप्रदेश के बिजनौर के धामपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार ट्रक ने पहले स्कूटी सवार को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से भागने लगा. कुछ दूर चलने के बाद ट्रक कैंटर से भिड़ गया. इसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. ट्रक चालक नदीम आग में फंस गया और उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई. वहीं, हादसे में घायल स्कूटी सवार ने भी दम तोड़ दिया.

बिजनौर में बीती रात एक सड़क हादसे ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. धामपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने पहले स्कूटी सवार को कुचल दिया. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने लगा. लेकिन कुछ दूर जाकर ट्रक सामने से आ रहे कैंटर से भिड़ गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई. ट्रक चालक आग की चपेट में आ गया और उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई. वहीं, हादसे में घायल स्कूटी सवार ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

घटना धामपुर में एसडीएम ऑफिस के पास की है. नूरपुर की ओर से तेज रफ्तार में ट्रक आ रहा था. इसी दौरान ट्रक की चपेट में एक स्कूटी सवार आ गया. हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से भागने लगा. तभी धामपुर एसडीएम ऑफिस के पास चढ़ाई पर सामने से आ रहे कैंटर से ट्रक की भिड़ंत हो गई.

दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही देर में ट्रक और कैंटर आग की लपटों से घिर गए. आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं. सड़क पर अचानक आग का गोला देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया.

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. फायर फाइटर्स ने आग बुझाने का काम शुरू किया. इस दौरान पुलिस ने कैंटर में फंसे चालक और परिचालक को किसी तरह बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा. लेकिन ट्रक के अंदर फंसे चालक को बचाया नहीं जा सका.

आग बुझने के बाद ट्रक के अंदर का मंजर बेहद दर्दनाक था. ट्रक चालक नदीम की सीट पर ही जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी. फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसके शव को ट्रक से बाहर निकाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

जिस स्कूटी सवार को टक्कर मारी, उसकी भी मौत

उधर, ट्रक की चपेट में आए स्कूटी सवार कुलवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका. इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई. कुलवंत सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. ट्रक और कैंटर की भिड़ंत में कैंटर चालक और परिचालक भी घायल हुए हैं. दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है.

एसपी पूर्वी बिजनौर अमित किशोर श्रीवास्तव के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत हुई है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि स्कूटी सवार को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ने मौके से भागने की कोशिश क्यों की और हादसे की पूरी परिस्थितियां क्या थीं.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments