महाराष्ट्र के कल्याण में मरीज के इलाज और डॉक्टर के बात करने के तरीके को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मरीज के बेटे ने डॉक्टर के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी. भानुज्योत अस्पताल में हुई पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई.
महाराष्ट्र के कल्याण में एक डॉक्टर से मारपीट का मामला सामने आया है. इससे अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा पर फिर से सवाल खड़ा हो गया है. भानुज्योत अस्पताल में एक मरीज के बेटे ने इलाज को लेकर डॉक्टर से बातचीत के बाद मारपीट की. पूरी घटना अस्पताल के CCTV कैमरे में कैद हो गई. मामला 23 अगस्त की रात का बताया जा रहा है.
डॉक्टर योगेंद्र जायसवाल मरीज की हालत, दवाइयों और जरूरी सावधानियों के बारे में उसके परिजनों को समझा रहे थे. इसी दौरान मरीज के बेटे विनीत ने डॉक्टर के बात करने के तरीके पर आपत्ति जताई. इसके बाद बातचीत धीरे-धीरे बहस में बदल गई. डॉक्टर के मुताबिक, मरीज की पसली में चोट और फ्रैक्चर था. वह उसके इलाज और दवाओं के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी दे रहे थे.
सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट की घटना
इसी दौरान मरीज के बेटे ने उनके बोलने के अंदाज पर सवाल उठाया. पहले वह केबिन से बाहर चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वापस आया और डॉक्टर के साथ कथित तौर पर मारपीट की. CCTV फुटेज में डॉक्टर के केबिन के अंदर हुई पूरी घटना दिखाई दे रही है. घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया. डॉक्टर ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है.
डोंबिवली के अस्पताल में भी हुई थी डॉक्टर से मारपीट
पुलिस के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है. कल्याण में यह घटना ऐसे वक्त पर सामने आई है, जब आसपास के इलाकों में भी डॉक्टरों के साथ मारपीट के मामले सामने आ चुके हैं. कुछ ही समय पहले डोंबिवली के एक अस्पताल में भी डॉक्टर और नर्स के साथ कथित मारपीट की खबर आई थी. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
फिलहाल पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं मेडिकल समुदाय की ओर से डॉक्टरों को अस्पताल के भीतर सुरक्षित माहौल देने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है.

