Homeभारतउत्तरप्रदेश'चोर भाइयों... चोरी मत करो, सीधे कैश ले जाओ', शामली में क्यों...

‘चोर भाइयों… चोरी मत करो, सीधे कैश ले जाओ’, शामली में क्यों किसानों ने की ये अनोखी अपील?

शामली जिले में लगातार बढ़ रही नलकूप चोरी की घटनाओं और पुलिस की नाकामी से तंग आकर किसानों ने अनोखा कदम उठाया है. लाचार होकर एक किसान ने अपने ट्यूबवेल के गेट पर लिखा कि चोर भाइयों चोरी मत करो, जितने का सामान बेचते हो उतने रुपये यहीं से ले जाओ.

यूपी के शामली जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नलकूपों से सबमर्सिबल पंप, केबल और स्टार्टर चोरी होने की घटनाओं से परेशान किसानों ने चोरों से अजब अपील की है. उन्होंने अब ट्यूबवेल के दरवाजों पर चोरों के नाम अनोखी अपील लिखना शुरू कर दिया है. पुलिस की नाकामी और ढुलमुल रवैये के कारण गांव कुड़ाना, लाक, लिसाढ़, बहावड़ी, बंतीखेड़ा, आदमपुर और एलम सहित कई गांवों में 70 से अधिक नलकूपों पर चोरी हो चुकी है. रात के अंधेरे में सुनसान खेतों का फायदा उठाकर चोर हजारों का सामान उखाड़ ले जाते हैं. इससे सिंचाई ठप हो जाती है और फसलें सूखने का खतरा मंडराने लगता है.

‘चोरी मत करो, सीधे पैसे ले जाओ’

गांव कुड़ाना के एक पीड़ित किसान ने नलकूप के गेट पर लिखा, “चोर भाइयों, चोरी मत करो. जितने रुपये का सामान चोरी करके बेचते हो, उतने रुपये ले जाया करो.” किसान का कहना है कि केबल या पंप चोरी होने से हजारों रुपये के नुकसान के साथ-साथ कई दिनों तक सिंचाई पूरी तरह प्रभावित हो जाती है. नया सामान लगवाने में समय और भारी पैसा दोनों बर्बाद होता है.

जिले में अब तक 70 से अधिक ट्यूबवेल पर चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं. 15 दिन पहले भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने 10 दिन का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हुई. किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक का आरोप है कि पुलिस सिर्फ झूठा आश्वासन देती है, इसलिए अब किसान खुद रात में नलकूपों पर पहरा देने को मजबूर हैं.

पुलिस ने दिया जल्द खुलासे का आश्वासन

मामले पर एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि नलकूपों पर हो रही चोरी की घटनाओं की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोर गिरोह का राजफाश कर उन्हें जेल भेजा जाएगा. हालांकि, किसान अब भी लगातार हो रही वारदातों से सहमे हुए हैं और रात में गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments