बस्ती जिले के रुधौली क्षेत्र में सड़क मार्ग के खस्ताहाल को लेकर स्कूली बच्चों ने वहां से गुजर रहे स्थानीय सपा विधायक राजेंद्र चौधरी के काफिले को रोक लिया।
यूपी के बस्ती जिले के रुधौली क्षेत्र में भी जनरेशन अल्फा के बच्चों का गुस्सा देखने को मिला है। सड़क मार्ग के खस्ताहाल को लेकर स्कूली बच्चों ने वहां से गुजर रहे स्थानीय सपा विधायक राजेंद्र चौधरी के काफिले को रोक लिया। विधायक ने मौके से ही अधिकारियों को फोन कर सड़क को सुधारने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को वीडियो भी भेजकर तुरंत सड़क ठीक करने को कहा।
बस्ती जिले में सपा विधायक राजेंद्र चौधरी रुधौली क्षेत्र से गुजर रहे थे, तो बच्चों ने उनके काफिले को रोक दिया। बच्चों ने विधायक को गाड़ी से उतरवाकर दिखाया कि जिस रास्ते से वे स्कूल आते जाते हैं, वहां पर कीचड़ ही कीचड़ हो रखा है। बारिश की वजह से सड़क का बुरा हाल है। जिस वजह से आए दिन बच्चे इसमें गिरते रहते हैं या फिर कीचड़ उन पर गिरता है। विधायक ने भी मौके से ही संबंधित अधिकारियेां को फोन कर मामले की जानकारी दी।
विधायक ने वहीं से अधिकारियों से बात की
विधायक ने वहीं से अधिकारियों से बात की और आश्वस्त किया कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा। इसके बाद ही छात्र-छात्राओं ने विधायक को जाने दिया। बाद में रुधौली विधायक राजेंद्र चौधरी ने बताया कि उन्होंने बच्चों की समस्याएं सुनी। सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनकी दिक्कतों का निराकरण किया जाए।
बस्ती के मुड़ाडिहा उर्फ भोपालपुर हनुमानगंज की तरफ जाने वाले सरयू नहर खंड चार नहर मार्ग पर खड़ंचा लगाया गया है। बारिश के मौसम में इस रास्ते पर जलभराव हो गया है। इस वजह से यहां से गुजरना मुश्किल हो रहा है। हनुमानगंज नहर मार्ग से इंटर कॉलेज, पूर्व माध्यमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों के सैकड़ों छात्र और छात्राएं हर दिन गुजरते हैं।
जलभराव के कारण बच्चे कीचड़ में गिर जाते हैं। उनकी ड्रेस और जूता गंदे पानी में भीग जाता है। बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र-छात्राएं अपने घरों को लौट रहे थे। इसी दौरान विधायक का काफिला गुजर रहा था। छात्र-छात्राओं का धैर्य जवाब दे गया।

