चंदौली के भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में टक्कर मारने वाले स्कॉर्पियो ड्राइवर ने शराब पी हुई थी। मेडिकल जांच में ये पता चला है।
हाइलाइट्स
चंदौली में स्कॉर्पियो ड्राइवर ने विधायक के काफिले में मारी टक्कर
मेडिकल जांच में वाहन चालक के शराब पीने की पुष्टि हुई है
एमएलए सुशील सिंह ने अपने ऊपर हमले का अंदेशा जताया है
चंदौली: यूपी के चंदौली में सोमवार देर रात भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले के साथ हुए हादसे के बाद माहौल बेहद गर्म है। पुलिस कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। विधायक ने मीडिया के सामने अपने ऊपर हमले का अंदेशा जताया है। अब इस मामले ने नया मोड़ लिया है। हिरासत में लिए गए स्कार्पियो चालक की मेडिकल रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि होने की बात सामने आई है। वहीं, युवकों के परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, अब तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि फुटिया और जगदीशसराय के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने विधायक सुशील सिंह के काफिले में शामिल वाहनों को टक्कर मार दिया था। हादसे में कुल 4 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं। विधायक सुशील सिंह भी काफिले में मौजूद थे, हालांकि उनकी गाड़ी सुरक्षित बच गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार चारों युवकों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका मेडिकल जांच करवाया गया।
अस्पताल में घायल युवकों का हुआ मेडिकल
स्कॉर्पियो सवार युवकों की पहचान पंकज यादव, प्रिंस यादव, सजीवन और सोनल यादव के रूप में हुई है। चारों सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर और बंशीपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। सदर कोतवाली पुलिस के अनुसार चारों युवकों का मेडिकल जांच कराया गया। जांच में स्कार्पियो चालक द्वारा शराब सेवन की पुष्ट हुई है।
युवकों के परिजनों ने मारपीट का लगाया आरोप
दूसरी तरफ घायल युवकों के परिजनों का बयान भी सामने आया है। परिजनों का कहना है कि सभी युवक एक निजी अस्पताल में खाना लेकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी विधायक के काफिले की गाड़ी से टच हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद युवकों के साथ मारपीट भी की गई।
क्या कहती है पुलिस?
इस संबंध में सदर पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है। मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बताया कि यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर मिलता है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

