Homeभारतउत्तरप्रदेशखुशियों की बारात में मौत का तांडव: फिरोजाबाद में हाईटेंशन लाइन से...

खुशियों की बारात में मौत का तांडव: फिरोजाबाद में हाईटेंशन लाइन से टकराई दूल्हे की बग्गी, करंट से गायक समेत 2 की मौत; घोड़ियों ने भी तोड़ा दम

फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर बाजवा गांव में शादी समारोह के दौरान बैंड-बाजे की बग्गी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गई. करंट फैलने से बग्गी सवार गायक पप्पू सिद्दीकी (45), बैंडकर्मी अकील (42) और दोनों घोड़ियों की मौत हो गई, जबकि दूल्हे ने कूदकर जान बचाई.

यूपी के फिरोजाबाद में शादी समारोह के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. घुड़चढ़ी के दौरान बैंड-बाजे की बग्गी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली की लाइन से छू गई. इससे बग्गी में करंट उतर आया. हादसे में बग्गी पर सवार गायक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करंट की चपेट में आने से दोनों घोड़ियों ने भी दम तोड़ दिया. एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. दूल्हे ने किसी तरह कूदकर जान बचाई.

पूरा मामला फिरोजाबाद जिले सिरसागंज थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, गांव दौलतपुर बाजवा निवासी सुभाष चंद्र की भतीजी निशा की शादी थी. बारात मथुरा जिले के फरह से आई थी. शादी समारोह में सिरसागंज कस्बे का जनता बैंड आया हुआ था. रात करीब 9:30 बजे घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान बैंड-बाजे वाली बग्गी अचानक 11 हजार वोल्ट की लाइन के संपर्क में आ गई. इससे बग्गी में करंट फैल गया.

हादसे में बग्गी पर मौजूद गायक पप्पू सिद्दीकी (45) निवासी मियां बाजार और बैंडकर्मी अकील (42) निवासी नगला राधे की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, बग्गी में लगी दोनों घोड़ियों की भी मौत हो गई. हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया. अभी उसकी हालत ठीक बताई गई है.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया. हादसे के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और शादी समारोह संपन्न हो गया है.

वहीं, इस हादसे में दोनों घोड़ियों का अराओं स्थित पशु चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया गया है. अधिकारियों का कहना है कि एक रिपोर्ट बनाई जा रही है ताकि शासन से इनको उचित मुआवजा दिलवाया जा सके. मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments