Homeक्राइमतीन दिन से लापता युवक का झाड़ियों में मिला अधजला शव, परिवार...

तीन दिन से लापता युवक का झाड़ियों में मिला अधजला शव, परिवार ने लगाया जिंदा जलाकर हत्या का आरोप, ग्रामीणों ने लगाया जाम

यूपी में चित्रकूट के अर्की गांव में तीन दिन से लापता युवक शिव नरेश प्रजापति का शव झाड़ियों में अधजली हालत में मिला है. परिवार का आरोप है कि युवक को पहले पीटा गया और फिर जलाकर मार दिया गया. शव मिलने के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया.

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में तीन दिन से लापता एक युवक का शव गांव से कुछ दूरी पर झाड़ियों में मिला है. शव अधजली हालत में था. इसे देखकर परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई और आरोप लगाया कि युवक को पहले पीटा गया, फिर जलाकर मार दिया गया. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में गुस्सा फैल गया. परिवार और ग्रामीणों ने सरधुआ से अर्की जाने वाले रास्ते पर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे.

मामला सरधुआ थाना क्षेत्र के अर्की गांव का है. मृतक की पहचान शिव नरेश प्रजापति के रूप में हुई है. वह बीते 3 नवंबर से लापता था. परिवार के मुताबिक, तीन दिन तक उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. अब गांव से कुछ दूरी पर उसका शव मिलने से परिवार में मातम पसरा है.

परिजनों ने बताया कि 3 नवंबर की शाम शिव नरेश ने घर पर खाना खाया था. इसके बाद वह मोबाइल चला रहा था. परिवार के लोग सो गए. अगली सुबह जब वे उठे तो शिव नरेश घर पर नहीं था. उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.

परिवार का कहना है कि इसके बाद सरधुआ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी युवक को तलाशने में गंभीरता नहीं दिखाई गई.

झाड़ियों में मिला शव, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

6 नवंबर को गांव से कुछ दूरी पर झाड़ियों में शिव नरेश का शव पड़ा मिला. शव की हालत देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई. परिजनों का आरोप है कि युवक के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसे झाड़ियों में फेंककर जला दिया गया.

परिवार ने मांग की कि पुलिस जल्द से जल्द घटना का खुलासा करे और आरोपियों को गिरफ्तार करे. गुस्साए परिजन और ग्रामीण सड़क पर बैठ गए. इससे सरधुआ से अर्की जाने वाले रास्ते पर जाम लग गया. ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद के मुताबिक, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं. परिजनों से तहरीर लेकर केस दर्ज करने और आगे की कार्रवाई की बात कही गई है. फिलहाल यह साफ नहीं है कि शिव नरेश की मौत कैसे हुई, उसके साथ क्या हुआ और इसके पीछे किसका हाथ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मौत की वजह और बाकी सवालों के जवाब मिल सकेंगे.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments