दिवाली पर दिल्ली पुलिस ने कर्मचारियों के बच्चों की उच्च शिक्षा स्कॉलरशिप 15 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी है। 10वीं और 12वीं में 90 फीसदी से ज्यादा अंक लाने वालों को पुरीस्कृत भी किया जाएगा । साथ ही 225 आश्रितों को नौकरी देने की सिफारिश की गई है।
नई दिल्ली: दिवाली पर दिल्ली पुलिस ने अपने स्टाफ के परिवार से जुड़े बच्चों की उच्च शिक्षा की स्कॉलरशिप 15 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी। 10वीं और 12वीं में 90 फीसदी से ज्यादा नंबर हासिल करने वालों को 5-5 हजार रुपये का एकमुश्त पुरस्कार मिलेगा। इनके अलावा IIT-JEE और NEET एग्जाम में टॉप-1000 में जगह बनाने वाले बच्चों को 50 हजार रुपये और प्रशस्ति प्रमाणपत्र दिया जाएगा। यह प्रावधान 2025-26 सत्र से लागू होगा।
90% से ज्यादा नंबर पर 5 हजार मिलेंगे
पुलिस के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए पूरी फीस मुहैया कराई जाएगी। यह सुविधा शैक्षणिक सत्र 2025-26 से लागू होगी। नए नियमों के तहत यदि कोई स्टूडेंट पहला साल सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अपना ट्रेड या प्रोफेशनल कोर्स बदलता है तो उसे पहले साल मिली स्कॉलरशिप वापस नहीं करनी होगी। नए कोर्स के दूसरे साल से स्कॉलरशिप जारी रह सकती है। हालांकि इस सुविधा का लाभ कर्मचारी सिर्फ एक बार ले सकेंगे। दिल्ली पुलिस एजुकेशन फंड में योगदान का दायरा भी बढ़ाया गया है। सभी रैंक के अधिकारी और कर्मचारी 1 अप्रैल 2026 से इसमें योगदान देंगे। हालांकि फंड के तहत शिक्षा संबंधी लाभ मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) से लेकर प्रमोटी ACP तक के अधिकारियों और कर्मचारियों के बच्चों को ही मिलेंगे।
अनुकंपा के आधार पर 225 को नौकरी
ड्यूटी के दौरान जान गंवाने या सेवाकाल के दौरान निधन हुए पुलिसकर्मियों के 225 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर जॉब देने की सिफारिश दिल्ली पुलिस की स्क्रीनिंग कमेटी ने की है। दिल्ली पुलिस में यह अपॉइंटमेंट्स रेगुलर और डायरेक्ट भर्ती के कुल खाली पोस्ट के पांच फीसदी कोटे के तहत होंगी। सीनियर अधिकारियों के मुताबिक, यह नियुक्तियां मेडिकल टेस्ट में फिट पाए जाने की शर्त पर निर्भर करेगी। इन लोगों को हेड कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल), कांस्टेबल (एग्जिक्यूटिव), कांस्टेबल (ड्राइवर) और मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के पदों पर नियुक्त किया जाएगा।

