गुजरात के विकेटकीपर-बल्लेबाज और सीएसके के स्टार उर्विल पटेल ने केरल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में 214 गेंदों में अपना पहला प्रथम श्रेणी दोहरा शतक जमाया है। 17 चौके और 6 छक्कों से सजी इस पारी की बदौलत गुजरात ने पहली पारी में 500 का आंकड़ा पार कर मजबूत बढ़त बना ली है।
नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज उर्विल पटेल ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 में गुजरात की ओर से खेलते हुए लाल गेंद के क्रिकेट में खुद को साबित किया है। केरल के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन उर्विल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने फर्स्ट क्लास करियर का पहला दोहरा शतक ठोक दिया। दाएं हाथ के इस आक्रामक बल्लेबाज ने महज 214 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया।
17 चौके और 6 छक्के
उर्विल पटेल ने स्पिनर जलज सक्सेना की गेंद पर सिंगल लेकर अपना ऐतिहासिक दोहरा शतक पूरा किया। अपनी इस मैराथन और आक्रामक पारी के दौरान उन्होंने 17 बेहतरीन चौके और 6 विशाल छक्के जड़े। उर्विल की इस दमदार पारी की बदौलत गुजरात ने अपनी पहली पारी में 500 रनों का आंकड़ा बेहद आसानी से पार कर लिया और मैच में अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली है।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खुशखबरी, आईपीएल में भी रच चुके हैं इतिहास
उर्विल पटेल की इस आक्रामक पारी से आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स का खेमा बेहद गदगद होगा। उर्विल ने आईपीएल 2026 के दौरान चेपॉक में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ महज 13 गेंदों पर फिफ्टी जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं। वह आईपीएल इतिहास में सीएसके की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने थे, जहाँ उन्होंने सुरेश रैना के सालों पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा था। उन्होंने उस टी20 मुकाबले में 23 गेंदों पर 8 छक्कों की मदद से 65 रन बनाए थे।
एमएस धोनी को मानते हैं अपना आदर्श
साल 2025 में चोटिल खिलाड़ी के रिप्लेसमेंट के तौर पर सीएसके से जुड़ने वाले उर्विल ने अपने आदर्श एमएस धोनी के मार्गदर्शन में खेलने का विकल्प चुना था। घरेलू सीजन में 67 गेंदों में 85 रन और 72 गेंदों में 96 रन जैसी आक्रामक पारियों के बाद अब लाल गेंद से जड़ा गया यह दोहरा शतक यह साबित करता है कि वे सिर्फ सीमित ओवरों के नहीं, बल्कि लंबे फॉर्मेट के भी बेहतरीन खिलाड़ी हैं। बता दें कि उन्होंने इस मैच में अपना शतक सिर्फ 91 गेंदों पर पूरा किया था।

