Homeखेलभरत हुड्डा, शिवम पटारे और नीरज नरवाल का कमाल, भारतीय कबड्डी टीम...

भरत हुड्डा, शिवम पटारे और नीरज नरवाल का कमाल, भारतीय कबड्डी टीम फाइनल में पहुंची, 56-27 से बांग्लादेश को रौंदा

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में भारत की पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 56-27 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।

नई दिल्ली: कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में भारत पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 56-27 से करारी शिकस्त देकर शानदार प्रदर्शन किया। अब भारत का सामना 31 अक्टूबर को पुरुष वर्ग के फाइनल में श्रीलंका से होगा जिसने दूसरे सेमीफाइनल में केन्या को 28-24 से हराया। भारत ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपना दबदबा कायम रखा।

नवीन कुमार और नीरज नरवाल की शानदार रेडिंग

नवीन कुमार और नीरज नरवाल ने रेडिंग में टीम की अगुवाई की जबकि दीपक एस और शुभम शिंदे ने डिफेंस की कमान संभाली। दिपायोन गोल्डर ने सफल रेड के साथ बांग्लादेश का खाता खोला, लेकिन भारत ने जल्दी ही मुकाबले पर नियंत्रण स्थापित कर लिया और शुरुआती पांच मिनट के भीतर पहला ऑल आउट कर दिया।

भारतीय कबड्डी टीम का शानदार प्रदर्शन

इसके बाद भरत हुड्डा और शिवम पटारे ने रेडिंग की जिम्मेदारी संभाली, जिससे भारत अपनी बढ़त लगातार बढ़ाता गया जबकि दीपक एस ने डिफेंस में अपना प्रभाव बनाए रखा। पहले हाफ में 8 मिनट शेष रहते भारत ने दूसरा ऑल आउट किया और हाफ टाइम तक 28-8 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। बांग्लादेश भारतीय रक्षा पंक्ति में सेंध लगाने के लिए संघर्ष करता रहा और पहले हाफ में एक भी टैकल अंक दर्ज नहीं कर सका। बांग्लादेश की ओर से दिपायोन गोल्डर और एमडी रहमान ने रेड के जरिए अपनी टीम के लिए अंक जुटाए।

ब्रेक के बाद भी भारत ने अपनी लय बरकरार रखी और प्रभावी रेडिंग के साथ अनुशासित डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले में 10 मिनट शेष रहते 38-16 की बढ़त बना ली। भरत हुड्डा लगातार बांग्लादेश के डिफेंस के लिए परेशानी बने रहे और मुकाबले में चार मिनट शेष रहते भारत ने एक और ऑल आउट किया, जिससे उसकी बढ़त बढ़कर 49-20 हो गई। अंततः भारत ने 56-27 की एकतरफा जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने मुकाबले में 37 रेड अंक, 12 टैकल अंक और ऑल आउट से 6 अंक हासिल किए।

भरत हुड्डा ने लिए 13 अंक

भरत हुड्डा ने भारत के लिए सर्वाधिक 13 अंक हासिल किए, जबकि शिवम पटारे ने 11 अंक और नीरज नरवाल ने 9 अंक का योगदान दिया। डिफेंस में अजीत पवार ने भी महत्वपूर्ण प्रभाव छोड़ा और 8 टैकल प्रयासों में 5 टैकल अंक हासिल किए। भारत ने पूरे मुकाबले के दौरान बांग्लादेश पर लगातार दबाव बनाए रखा।

दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने दमदार चुनौती पेश करने वाली केन्या टीम को 28-24 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जहां उसका सामना भारत से होगा। श्रीलंका की ओर से मिलिंदा चतुरंगा और साबिहान ने 6-6 अंक हासिल किए, जबकि विदुरंगा ने 4 अंक का योगदान दिया। डिफेंस में माडे द्विकी संजया ने 5 टैकल अंकों के साथ श्रीलंका के लिए अहम भूमिका निभाई। केन्या की ओर से हेल्विक वंजाला ने सर्वाधिक 9 अंक हासिल किए, जबकि सैमुअल वाफुला ने 6 अंक का योगदान दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments