दिल्ली के वजीरपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान संजय ने अपनी पत्नी संगीता के सिर पर हथौड़े से कई वार किए। महिला गंभीर रूप से घायल है। आरोपी को मकान मालिक और उसके भाई ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
नई दिल्ली: अशोक विहार थाना इलाके के वजीरपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर हथौड़े से हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को पहले दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे बड़े मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी पति को मौके पर ही मकान मालिक और उसके भाई ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, एक नवंबर को अशोक विहार थाने में PCR कॉल के जरिए वजीरपुर गांव में महिला पर जानलेवा हमले की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि संजय (30) ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी संगीता पर हथौड़े से हमला किया था। महिला के सिर पर कई चोटें आईं थीं। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पत्नी पर शक करता था आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी संजय को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने हथौड़े से संगीता के सिर पर कई वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी ने घर में ताला लगा दिया और वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन मकान मालिक और उसके भाई ने उसे पकड़ लिया।
क्राइम और एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए हथौड़े को भी जब्त कर लिया है। इस मामले में अशोक विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

