दिल्ली में BS6 मानक से नीचे की गाड़ियों की एंट्री पर रोक के बीच बॉर्डर पर जांच अभियान चलाया गया। गाजीपुर समेत कई इलाकों में गाड़ियों की लंबी कतारें लगीं, जबकि सिंघु बॉर्डर पर बिना जांच आवाजाही होती दिखी। अभियान में हजारों गाड़ियों की जांच की गई।
नई दिल्ली: दिल्ली में BS6 मानक से नीचे की गाड़ियों के प्रवेश पर रोक लागू होने के बाद राजधानी के अलग-अलग इलाकों और बॉर्डर पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत पुलिस और ट्रांसपोर्ट एनफोर्समेंट की टीमें गाड़ियों की जांच कर रही है। ट्रैफिक पुलिस की टीम ने दिल्ली के हर बॉर्डर पर मोर्चा संभाला हुआ है। एनएच 24 से यूपी की तरफ से गाजीपुर समेत दूसरे बॉर्डर एरिया में होते हुए दिल्ली में एंट्री करने वाली गाड़ियों की गहन जांच की वजह से यहां लंबा जाम देखने को मिला।
8263 गाड़ियों की जांच हुई
37 गाड़ियों के चालान कटे
1228 गाड़ियां बॉर्डर से लौटाई गई
2 गाड़ियां जब्त की गई हैं
सिंघु बॉर्डर पर जारी रही आवाजाही
सोमवार सुबह करीब 11:30 से 12 बजे के बीच हरियाणा की तरफ से दिल्ली आने वाली गाड़ियों की बेरोकटोक आवाजाही दिखी। इस दौरान न तो दिल्ली ट्रैफिक पुलिस मौके पर दिखाई दी और न ही ट्रांसपोर्ट एनफोर्समेंट के कर्मचारी जांच करते नजर आए। करीब आधे घंटे के दौरान सैकड़ों गाड़ियां बिना रोक-टोक के दिल्ली में दाखिल हुईं। हालांकि, सिंघु बॉर्डर फ्लाईओवर के ठीक नीचे एनफोर्समेंट की एक गाड़ी जरूर खड़ी दिखाई दी, लेकिन उसमे मौजूद कर्मचारी जांच करते नजर नहीं आए। हालांकि 1 नवंबर को यहां एनफोर्समेंट की टीम तैनात थी।
गाजीपुर बॉर्डर-एनएच 24 से लौटाई गाड़ियां
नार्दर्न रेंज के तहत आने वाले बॉर्डर पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाकर दो दिन में 7,657 गाड़ियों की जांच की। उल्लंघन करने वाली 609 गाड़ियों को दिल्ली में प्रवेश से पहले ही लौटा दिया गया। डीसीपी ट्रैफिक (नार्दर्न रेंज) डॉ. सचिन सिंघल के निर्देश पर दिल्ली के विभिन्न बॉर्डर पर विशेष टीमें तैनात की गई है। पुलिस के अनुसार, यह अभियान 31 अक्टूबर की रात 12 बजे से 2 नवंबर दोपहर 12 बजे तक चलाया गया। इस दौरान दूसरे राज्यों से दिल्ली में प्रवेश करने वाली गाड़ियों की जांच की गई। BS-6 मानक से कम श्रेणी वाली गाड़ियों पर विशेष नजर रखी गई।
बॉर्डर पर सख्ती, फिर सड़कों पर गाड़ियों का रेला क्यों?
ग्रैप की पाबंदियों का सोमवार को असली असर देखने को मिला। इनका सख्ती से पालन कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस की दर्जनों टीमें बॉर्डर के अलावा ज्यादातर मुख्य सड़कों पर तैनात रही। BS-6 से नीचे की ऐसी गाड़ियों की धरपकड़ हुई, जो पुलिस की नजरों से बचकर सड़कों पर दौड़ रही थी। सोमवार को दिल्ली-एनसीआर से गाड़ियों की एंट्री पर रोक के बावजूद राजधानी में जगह-जगह लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। हालात यह रहे कि ज्यादातर सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं।

