महाराष्ट्र में राजनीति में भूचाल लाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। नागपुर में बीजेपी की हार के बाद जहां एकनाथ शिंदे की पार्टी से रिश्ते तनावपूर्ण हो गए हैं तो वहीं दूसरी तरफ फडणवीस की गुरुवार को मुंबई में उद्धव और राज ठाकरे से मुलाकात हुई। सीएम ने दोनों के साथ सार्वजनिक तौर पर मंच भी साझा किया।
हाइलाइट्स
महाराष्ट्र CM फडणवीस ने ठाकरे भाईयों के साथ साझा किया मंच
कार्टूनिस्ट प्रशांत कुलकर्णी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में पहुंचे
मुख्यमंत्री फडणवीस और राज ठाकरे के बीच बातचीत भी हुई
मुंबई: महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों बीजेपी की दो सीटों पर हार के बाद महायुति में दरार सार्वजनिक हो गई है। बीजेपी और एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना के बीच आरोप-प्रत्यारोप सामने आया है, तो वहीं दूसरी तरफ उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की सीएम फडणवीस से मुलाकात सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीति को गरमा दिया है। ठाकरे भाईयों ने सीएम फडणवीस से अकेले में बातचीत की। इतना ही नहीं दोनों ने एक कार्यक्रम सीएम फडणवीस के साथ मंच भी साझा किया। महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों में बीजेपी ने हार के लिए शिंदे सेना को जिम्मेदार ठहराया है। महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों में बीजेपी, शिवसेना और कांग्रेस को एक-एक सीट पर जीत मिली है तो वहीं शरद पवार की एनसीपी दो सीटों पर जीती है।
ठाकरे भाईयों के साथ बैठे फडणवीस
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों के तुंरत बाद हुए इस घटनाक्रम ने महाराष्ट्र कीर राजनीति को गरमा दिया है। कार्टूनिस्ट प्रशांत कुलकर्णी की पुस्तक के विमोचन के कार्यक्रम में सीएम फडणवीस ठाकरे भाईयों के साथ बैठे। इस कार्यक्रम में आशीष शेलार भी मौजूद रहे। लंबे समय बाद फडणवीस ने पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के साथ मंच साझा किया। इस दौरान उनकी राज ठाकरे से बातचीत भी हुई।
राज ठाकरे सरकार पर हैं हमलावर
ठाकरे भाईयों के साथ सीएम फडणवीस ने ऐसे वक्त मंच साझा किया है जब राज ठाकरे रायगढ़ जिले के कर्जत तहसील में प्रस्तावित ‘टोरेंट पावर हाइड्रो प्रोजेक्ट’ और भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग मंदिर क्षेत्र के आसपास बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई के मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं। तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी और शिवसेना के संबंधों में पहली बार तनाव आया है। नागपुर और पुणे में हार के लिए बीजेपी ने एनसीपी और शिवसेना से पूरा समर्थन नहीं मिलने को जिम्मेदार ठहराया है।

