Homeभारतउत्तरप्रदेशडंपर की टक्कर से सिर बुरी तरह कुचला: कौशांबी में छात्र की...

डंपर की टक्कर से सिर बुरी तरह कुचला: कौशांबी में छात्र की दर्दनाक मौत के बाद हंगामा; घर का इकलौता बेटा था कृष्णा केसरवानी

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहे 15 वर्षीय कृष्णा की डंपर से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद उग्र भीड़ ने सड़क जाम की, जिसके बाद पुलिस व प्रशासन ने परिजनों को समझाकर स्थिति को संभाला.

कौशांबी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में एमबी स्कूल के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. मॉर्निंग वॉक से घर लौट रहे 15 वर्षीय छात्र कृष्णा केसरवानी को पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कृष्णा डंपर के पहिए में फंस गया और डंपर चालक उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. सिर बुरी तरह कुचल जाने के कारण कृष्णा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डंपर और चालक को हिरासत में ले लिया है.

ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था इकलौता बेटा

मृतक कृष्णा केसरवानी ओसा चौराहा स्थित अपने नाना शीतल केसरवानी के घर पर पिछले दो वर्षों से रहकर पढ़ाई कर रहा था. वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन भी है. सोमवार सुबह वह अपने दोस्तों के साथ टहलने निकला था. घर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया. इकलौते बेटे की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई. गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया. सूचना मिलते ही सदर सीओ सौरभ और एसडीएम पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर सड़क से जाम हटवाया और स्थिति को नियंत्रित किया.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी

सदर सीओ सौरभ ने बताया कि सुबह सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की. आरोपी डंपर चालक और वाहन को हिरासत में ले लिया गया है और थाने लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments