दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर स्थित राजकीय सर्वोदय बाल/कन्या विद्यालय में 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। अब लड़की की बड़ी बहन और चाचा का बयान सामने आया है। वहीं पुलिस को आत्महत्या का शक जा रहा है। पुलिस के मुताबिक लड़की बोतल में ज्वलनशील पदार्थ लेकर आई थी।
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा में शनिवार को एक सरकारी स्कूल के गार्ड रूम के पीछे 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। पुलिस को शक है कि यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से एक नोट भी मिला है।स्कूल में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस की PCR टीम मौके पर पहुंची, जहां 18 वर्षीय छात्रा बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिली। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटनास्थल से एक खाली बोतल और छात्रा का स्कूल बैग बरामद हुआ है।
सुसाइड नोट की असलियत पता लगाने की कोशिश
पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांचकर्ता हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रहे हैं, जिसमें छात्रा के शैक्षणिक रिकॉर्ड, पारिवारिक हालात और किसी संभावित रिश्ते की जांच भी शामिल है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने नोट में लिखी बातों पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और कहा कि नोट की असलियत का पता लगाने के लिए उसकी जांच की जा रही है।
पानी-पीने कहकर निकली थी छात्रा
बताया जा रहा है कि छात्रा एक क्लास के बाद यह कहकर अपनी कक्षा से बाहर निकली थी कि वह पानी पीने जा रही है। दो-तीन मिनट बाद ही चीखने-चिल्लाने की आवाजें आईं और वह पानी की टंकी के पास बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिली। इन जानकारियों की पुष्टि के लिए पूछे जाने पर एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामला जांच के दायरे में है और अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन परिस्थितियों में यह घटना हुई।
छात्रा ज्वलनशील पदार्थ लेकर आई थी, दिल्ली पुलिस को शक
पुलिस को शक है कि छात्रा अपने साथ बोतल में कोई ज्वलनशील पदार्थ लेकर स्कूल आई थी, जो उसके पास से मिली है। क्राइम टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 11:58 बजे सूचना मिली कि स्कूल के अंदर एक छात्रा ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली है। उन्होंने बताया कि हमें छात्रा पानी की टंकी के पीछे झुलसी हुई हालत में मिली। उसका चेहरा पूरी तरह से जल चुका था।
लड़की की बड़ी बहन और छोटी बहन का बयान आया सामने
लड़की की बड़ी बहन ने पत्रकारों को बताया कि वह और उनकी भतीजी, लड़की को स्कूल छोड़कर आए थे और वह खुश लग रही थी। बड़ी बहन रोते हुए बोली कि जब वह अंदर गई तो हंस रही थी। मुझे नहीं पता कि उसके बाद क्या हुआ। उन्होंने आगे बताया कि दोपहर करीब 12:40 बजे उन्हें स्कूल से फोन आया, जिसमें बताया गया कि कुछ गंभीर हो गया है। एक अन्य रिश्तेदार ने बताया कि वह दोपहर करीब 1 बजे स्कूल पहुंचीं और उन्हें इस घटना के बारे में पता चला।
लड़की के चाचा ने गड़बड़ी होने का शक जताया
लड़की के चाचा ने कुछ गड़बड़ी होने का शक जताया और सवाल उठाया कि उसके स्कूल बैग की जांच क्यों नहीं की गई। उन्होंने बताया कि लड़की के माता-पिता उसकी नानी के निधन के बाद झारखंड के कोडरमा गए हुए थे। उन्होंने कहा कि यह मुमकिन ही नहीं है कि उसने खुद को आग लगा ली हो। वह एक अच्छी छात्रा थी और उसे कोई परेशानी नहीं थी। उसके बारे में गलत बातें फैलाई जा रही थीं।
चाचा ने सीसीटीवी पर उठाए सवाल
चाचा ने सवाल किया कि स्कूल में CCTV कैमरे और स्टाफ की मौजूदगी के बावजूद किसी को इस घटना का पता कैसे नहीं चला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार को बहुत देर से सूचना दी गई और मांग की कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि कहीं इसमें कोई और व्यक्ति तो शामिल नहीं है।
शिक्षा मंत्री का आया बयान
शिक्षा मंत्री आशीष सूद, जिन्होंने स्कूल का दौरा किया, ने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और स्कूल उन्हें पूरा सहयोग दे रहा है। उन्होंने कहा, “यह एक बेहद दुखद घटना है… स्कूल ने सभी जरूरी सबूत पुलिस को सौंप दिए हैं… हम जांच आगे बढ़ाने के लिए कुछ समय चाहते हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी।”

