मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोक नायक अस्पताल स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर महिलाओं और बच्चियों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी सेंटरों की मासिक रिपोर्ट सीएम कार्यालय भेजने और पुलिस, FIR, कार्रवाई व पीड़ित सहायता का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए।
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को लोक नायक अस्पताल स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर पीड़ित महिलाओं और बच्चियों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि दिल्ली के सभी सखी वन स्टॉप सेंटरों की डिटेल मासिक फॉलोअप रिपोर्ट अब सीएम कार्यालय को भेजी जाए। रिपोर्ट में मामलों की संख्या के साथ पुलिस सूचना, FIR की स्थिति, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और पीड़िता को मिली सहायता का विवरण भी दर्ज करना होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंसा की शिकार महिला को केवल सहायता नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और प्रभावी न्यायिक सहयोग मिलना चाहिए।
सीएम रेखा गुप्ता ने इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि सेंटर पहुंचने वाली महिलाओं की बात संवेदनशीलता से सुनी जाए और जरूरत के अनुसार मेडिकल, पुलिस, कानूनी सहायता, काउंसलिंग और अस्थायी आश्रय तत्काल उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साथ ही इसके अलावा पॉक्सो मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड को पूरी गोपनीयता के साथ-साथ अलग से व्यवस्थित रखने के भी निर्देश दिए।
साफ-सफाई का भी जायजा लिया
सीएम ने इस दौरान सेंटर की साफ-सफाई, भोजन और रहने की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं और बच्चियों को एक ही स्थान पर चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग, कानूनी परामर्श उपलब्ध कराया जाता है।
सेंटर की सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर में आने वाली महिलाओं और बच्चियों को किसी भी स्तर पर परेशानी न हो। उन्होंने सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं की नियमित निगरानी करने और जरूरत के अनुसार उनमें सुधार करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को एक ही जगह पर जरूरी सहायता मिल सके।

