कश्मीरी गेट के यमुना बाजार इलाके में लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से गोदकर ई-रिक्शा सवार कलेक्शन एजेंट की हत्या कर दी और 15 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
नई दिल्ली: कश्मीरी गेट के यमुना बाजार इलाके में गुरुवार शाम लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू गोदकर ई-रिक्शा सवार कलेक्शन एजेंट की हत्या कर दी थी। बदमाश करीब 15 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। जबकि दूसरे बैग में 20 से 25 लाख रुपये थे, जो बदमाश लूटने में कामयाब नहीं हो सके। वारदात के पीछे पुलिस को पहले से रेकी किए जाने का शक है।
जांच में आया सामने
जांच में सामने आया है कि बदमाशों को ई-रिक्शा में बड़ी रकम होने की जानकारी थी। विरोध करने पर बदमाशों ने ई-रिक्शा के ड्राइवर और यात्रियों पर चाकू से हमला कर दिया था। जबकि रिक्शे में सवार प्रभात के भतीजे सचिन और एक अन्य यात्री आकाश घायल हो गए थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी प्रभात और सचिन एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के लिए कलेक्शन एजेंट का काम करते हैं। दोनों गांधी नगर से चांदनी चौक के हैदर कुली जा रहे थे। उनके पास दो बैग थे, जिनमें करीब 30 से 40 लाख रुपये रखे थे।
बदमाशों ने रोक लिया ई-रिक्शा
यमुना बाजार के पास बदमाशों ने ई-रिक्शा को रोक लिया और एक बैग लेकर भाग गए। घायल प्रभात, सचिन और आकाश को सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान प्रभात की मौत हो गई। सचिन को आरएमएल अस्पताल रेफर कर दिया गया। आकाश को गुरुवार रात ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इस बात का पता लगा रही पुलिस
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कलेक्शन एजेंटों के पास इतनी बड़ी रकम होने की जानकारी बदमाशों को कैसे मिली। आशंका है कि किसी अंदरूनी शख्स ने तो जानकारी नहीं दी।
खबर लिखे जाने तक गिरफ्तार नहीं हुए आरोपी
खबर लिखे जाने तक इस वारदात के 24 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। कश्मीरी गेट थाना पुलिस और नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ की टीम बदमाशों के संभावित रास्तों की CCTV फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आसपास के मार्गों तक की फुटेज की जांच शुरू की है।

