Homeक्राइमदिल्ली: इन्फ्लुएंसर से शादी की जिद में घर में घुसा फैन, परिवार...

दिल्ली: इन्फ्लुएंसर से शादी की जिद में घर में घुसा फैन, परिवार ने पीटा; एक हफ्ते बाद मौत, पिता समेत दो गिरफ्तार

दिल्ली में महिला इन्फ्लुएंसर से शादी की जिद में उसके घर में घुसे युवक की पिटाई के बाद अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज कर इन्फ्लुएंसर के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है।

हाइलाइट्स

इन्फ्लुएंसर से शादी की जिद में घर में घुसा युवक, पिटाई के बाद मौत
चेन्नई से दिल्ली पहुंचा था अभिनव, युवती की शादी से था परेशान
गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज, इन्फ्लुएंसर के पिता गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली में एक महिला इन्फ्लुएंसर से शादी करने की जिद एक शख्स को उसकी जान गंवाने तक ले गई। चेन्नई में निजी कंपनी में काम करने वाला अभिनव नाम का व्यक्ति कथित तौर पर इन्फ्लुएंसर के घर में जबरन घुस गया और उससे शादी करने की मांग करने लगा। आरोप है कि इस हरकत से नाराज महिला के परिवार वालों और कुछ पड़ोसियों ने उसकी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल अभिनव की करीब एक सप्ताह बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में इन्फ्लुएंसर के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला अभिनव चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करता था। वह 7 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में रहने वाली महिला इन्फ्लुएंसर के घर पहुंचा। उस समय महिला घर पर ही मौजूद थी। आरोप है कि अभिनव जबरन घर में घुस गया और महिला से शादी करने की जिद करने लगा।

इस घटना के अगले दिन दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया गया है कि अभिनव शराब के नशे में था। उसकी इस हरकत से महिला के परिवार वाले नाराज हो गए। इसके बाद परिवार के सदस्यों और कुछ पड़ोसियों ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

पीठ और पैर में गंभीर चोटें, अस्पताल में तोड़ा दम

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो अभिनव की पीठ और दाहिने पैर पर गंभीर चोटें थीं। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे राजीव गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां 15 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में अब पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। इन्फ्लुएंसर के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मारपीट में परिवार और पड़ोस के कितने लोग शामिल थे।

इन्फ्लुएंसर की शादी से परेशान था अभिनव

जांच में सामने आया है कि अभिनव नियमित रूप से महिला इन्फ्लुएंसर के सोशल मीडिया कंटेंट देखता था। धीरे-धीरे उसके मन में महिला को लेकर एकतरफा भावनाएं पैदा हो गई थीं। पुलिस के मुताबिक, कुछ महीने पहले भी वह एक प्रशंसक के तौर पर महिला के घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि अभिनव महिला की किसी दूसरे व्यक्ति से होने वाली शादी को लेकर परेशान था। हालांकि, महिला उसे जानती तक नहीं थी। दूसरी ओर, इन्फ्लुएंसर ने हाल ही में इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपनी सगाई और आगामी शादी से जुड़े वीडियो भी पोस्ट किए थे।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

महिला इन्फ्लुएंसर के इंस्टाग्राम पर छह लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और उसकी रील्स पर लाखों व्यूज आते हैं। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसका मकसद मारपीट में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान करना है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments