Homeभारतउत्तरप्रदेशनोएडा में तेज रफ्तार का कहर, skoda कार ने मारी जोरदार टक्‍कर,...

नोएडा में तेज रफ्तार का कहर, skoda कार ने मारी जोरदार टक्‍कर, चपेट में आए राहगीर की मौके पर गई जान

नोएडा के सेक्‍टर 113 स्थित पर्थला चौक पर तेज रफ्तार स्‍कोडा कार सवाल युवकों ने राहगीर को जोरदार टक्‍कर मार दी। हादसे के बाद युवक भाग निकले।

नोएडा: देश की राजधानी दिल्‍ली से सटे नोएडा में फिर एक बार तेज रफ्तार लग्जरी कार ने सड़कों पर तबाही मचाई। सेक्टर-113 के व्यस्त पर्थला चौक पर हुई इस भयंकर सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार में मौजूद चारों युवक वाहन छोड़कर मौके से भाग गए।

प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, चारों युवक शराब के नशे में थे। घटना मध्यरात्रि करीब डेढ़ बजे के आसपास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार स्कोडा कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क पार कर रहे एक राहगीर को भयंकर ढंग से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह व्यक्ति मौके पर ही घायल अवस्था में जान गंवा बैठा।

कार छोड़कर भाग निकले युवक

घटना के बाद आस-पास हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। हादसे के तुरंत बाद कार में मौजूद युवक वहां वाहन छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि चालक समेत सभी युवक मदिरा के नशे में थे। सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-113 की पुलिस जल्द ही घटना स्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।

सीसीटीवी फुटेज से पुलिस कर रही तलाश

पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे में शामिल लग्जरी स्कोडा कार जब्त कर ली गई है। फरार चालक व अन्य आरोपियों की पहचान के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सड़क सुरक्षा पर खड़े हुए सवाल

पिछले कुछ महीनों में जनपद गौतमबुद्ध नगर में तेज रफ्तार, जानलेवा स्टंटबाजी और नशे में वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ती दिख रही हैं। कई गंभीर हादसों के बावजूद इन पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। इस ताजा घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 24/25 जुलाई की रात्रि में थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के अंतर्गत आदित्य कुमार निवासी हिंडन बिहार, बरौला सेक्टर-49 नोएडा अपनी मोटर साइकिल से डूब क्षेत्र सेक्टर-123 जा रहे थे। इसी दौरान एक गाड़ी से दुर्घटना हो गई। तत्काल स्थानीय पुलिस द्वारा मौके पर पहुंच कर घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों द्वारा उसको मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना वाले वाहन को कब्जे में लेते हुये वाहन चालक को हिरासत में लिया गया है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments