हिमालय की गोद में बसी अलौकिक और दुर्गम गहराइयों को नापना हर किसी के बस की बात नहीं होती। लेकिन जब आस्था और दृढ़ संकल्प एक साथ मिल जाएं, तो कठिन से कठिन राह भी आसान हो जाती है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है मुकेश विश्वकर्मा ने, जिन्होंने सिर्फ 18 दिनों के भीतर हिमालय की तीन अत्यंत कठिन और चुनौतीपूर्ण धार्मिक यात्राओं को सफलतापूर्वक पूरा कर साहस, आस्था और संकल्प की एक ऐसी अनूठी मिसाल पेश की है, जो हर श्रद्धालु और पर्वत प्रेमी के लिए प्रेरणा बन गई है।
बर्फ से ढके दुर्गम रास्ते, हजारों फीट की ऊंचाई, कम ऑक्सीजन, खड़ी चढ़ाई और पल-पल बदलते जानलेवा मौसम के बीच उन्होंने बिना हार माने तीन प्रमुख धार्मिक यात्राएं पूरी कीं। मुकेश विश्वकर्मा ने अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत 13 जून को युलाकांडा (12,778 फीट) की यात्रा से की थी। इसके ठीक बाद 15 जून को उन्होंने किन्नौर कैलाश (19,865 फीट) जैसी अत्यंत कठिन और जोखिमभरी चढ़ाई पूरी की। वहीं, 30 जून को उन्होंने श्रीखंड महादेव (18,570 फीट) की बेहद खतरनाक चढ़ाई भी सफलतापूर्वक पूरी कर अपने संकल्प को सिद्ध कर दिया।
प्राकृतिक बाधाओं पर भारी पड़ी अटूट श्रद्धा
इन यात्राओं के दौरान मुकेश को कई प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कहीं बर्फ से ढके फिसलन भरे रास्ते थे तो कहीं संकरे पहाड़ी मार्ग, जहां एक छोटी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती थी। ऊंचाई बढ़ने के साथ-साथ ऑक्सीजन की भारी कमी और मौसम का अचानक करवट बदलना किसी भी इंसान की सबसे बड़ी परीक्षा होती है। इसके बावजूद, उन्होंने धैर्य, आत्मविश्वास और भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा के बल पर इन तीनों यात्राओं को फतह किया।
बता दें कि हिमालय की इन धार्मिक यात्राओं को देश की सबसे कठिन आध्यात्मिक यात्राओं में गिना जाता है। विशेष रूप से किन्नौर कैलाश और श्रीखंड महादेव की यात्रा शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और कठिन परिस्थितियों से जूझने की क्षमता की वास्तविक परीक्षा मानी जाती है। हर साल हजारों श्रद्धालु इन यात्राओं के लिए निकलते हैं, लेकिन बेहद कठिन हालातों के कारण सभी इसे पूरा नहीं कर पाते।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा का स्रोत
मुकेश विश्वकर्मा की यह अद्भुत उपलब्धि केवल पर्वतारोहण या धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इस बात का जीवंत उदाहरण है कि यदि व्यक्ति के भीतर अटूट विश्वास, मजबूत इच्छाशक्ति और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो दुनिया की कोई भी कठिन मंजिल हासिल की जा सकती है। उनकी यह यात्रा आज के युवाओं के लिए भी एक बड़ा संदेश है कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, यदि आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ा जाए, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है। मुकेश विश्वकर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की स्थानीय स्तर पर भी जमकर सराहना हो रही है। लोग इसे साहस, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक साधना का एक अद्भुत संगम मान रहे हैं।

