गुजरात के बाद अब महाराष्ट्र में भी बुलेट ट्रेन का काम तेजी पकड़ रहा है। महाराष्ट्र के ठाणे में हाईवे के ऊपर एक बड़ा स्टील ब्रिज सफलतापूर्वक रखा गया है। गुजरात में बुलेट ट्रेन का संचालन अगले साल शुरू हो जाएगा। मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर कुल 508KM लंबा है।
हाइलाइट्स
मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का महाराष्ट्र में रखा गया स्टील ब्रिज
ठाणे में नासिक हाईवे के ऊपर रखा गया बुलेट ट्रेन का बड़ा ब्रिज
गुजरात में अगले साल के मध्य में शुरू होगा बुलेट ट्रेन का संचालन
मुंबई/ठाणे: देश की पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का काम अब तेजी से पूरा हो रहा है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में अब बड़ा अपडेट महाराष्ट्र से सामने आया है। राज्य में बुलेट ट्रेन काॅरिडोर का काम उन्नत अवस्था में पहुंचने के बाद अब स्ट्रील ब्रिज को रखने का काम शुरू हो गया है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भिवंडी के दिवे-अंजुर गांव के पास NH-3 (नासिक हाईवे) के ऊपर 100 मीटर लंबा और 1,405 मीट्रिक टन वजनी स्टील ब्रिज सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। यह मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए महाराष्ट्र में पूरा किया गया पहला स्टील ब्रिज है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में कुल 28 स्टील ब्रिज प्रस्तावित हैं, जिनमें से 16 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
क्या है इस ब्रिज की खासियत
इस ब्रिज की एक प्रमुख विशेषता यह है कि इसका निर्माण तमिलनाडु के त्रिची स्थित एक वर्कशॉप में किया गया, जो लॉन्चिंग स्थल से लगभग 1,300 किलोमीटर दूर है। तैयार स्टील संरचना को ट्रेलरों के माध्यम से महाराष्ट्र लाया गया और साइट पर असेंबल कर स्थापित किया गया। NHSRCL के अनुसार यह केवल एक स्थान पर निर्मित और दूसरे स्थान पर स्थापित की गई स्टील संरचना नहीं है, बल्कि यह देश की जटिल एवं उन्नत इंफ्रास्ट्रक्चर संरचनाओं के निर्माण और आपूर्ति की बढ़ती स्वदेशी क्षमता को दर्शाती है।
हाई-स्पीड रेल के लिए सटीक इंजीनियरिंग
साइट पर 100 मीटर लंबे ब्रिज को जमीन से लगभग 17.5 मीटर की ऊंचाई पर अस्थायी ट्रेस्टल्स पर 22 स्किड अरेंजमेंट और 54,076 TTHSB की मदद से असेंबल किया गया। ब्रिज की टिकाऊ क्षमता और कंपन नियंत्रण को बेहतर बनाने के लिए C5 प्रोटेक्टिव पेंटिंग सिस्टम और इलास्टोमेरिक बेयरिंग्स का प्रावधान किया गया है। असेंबली पूरी होने के बाद ब्रिज को दो हॉलो जैक्स, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 150 मीट्रिक टन है, तथा प्री-टेंशन किए गए Macalloy Bars की सहायता से ऑटोमैटिक मैकेनिज्म द्वारा निर्धारित स्थान पर खींचकर स्थापित किया गया।
महाराष्ट्र के पहले ब्रिज की बड़ी बातें
ब्रिज की लंबाई: 100 मीटर
मुख्य ब्रिज का वजन: 1,405 मीट्रिक टन
ब्रिज की ऊंचाई: 14 मीटर
ब्रिज की चौड़ाई: 14 मीटर
रात में रखा गया यह भारी भरकम स्टील ब्रिज
हाईवे पर आवागमन में न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने के लिए यह कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात्रिकालीन ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान सावधानीपूर्वक योजना और सटीकता के साथ किया गया। स्टील ब्रिज विशेष रूप से हाईवे, एक्सप्रेसवे, बड़ी नदियों और रेलवे लाइनों को पार करने के लिए उपयुक्त होते हैं, जहां अधिक लंबाई के स्पैन की आवश्यकता होती है। मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन अगले साल गुजरात में सबसे पहले चलेगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इसका ऐलान कर चुके हैं।

