मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन किया है। इस दौरान कांग्रेस ने एकजुटता दिखाई है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि कांग्रेस उम्मीदवार 500 फीसदी जीत रही हैं।
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन
भोपाल: बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव में तीसरे उम्मीदवार को उतारकर मुकाबला रोचक बना दिया है। इस बीच कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन दाखिल किया है। विधानसभा में उनके नामांकन के दौरान कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया है। कमलनाथ को छोड़कर मध्य प्रदेश के तमाम सीनियर नेता मौजूद रहे हैं।
कांग्रेस लड़ेगी और जीतेगी
कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने पार्टी नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने नामांकन के दौरान कहा कि कांग्रेस पार्टी लड़ेगी और चुनाव जीतेगी। हमारे विधायक पूरी तरह से एकजुट हैं।
कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता रहे मौजूद
मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के दौरान कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह से लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राहुल भैया तक वहां मौजूद रहे हैं। इस अवसर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि ये बीजेपी के फूट का उम्मीदवार है। आखिरी तक वे लोग तय नहीं कर पाए कि किसको उम्मीदवार बनाना है। हर गुट अलग-अलग उम्मीदवार के नाम ने रहे थे। तीसरे उम्मीदवार पर उमंग सिंघार ने कहा कि उन्हें अखाड़ें में आने दो।
ये लड़ाई मध्य प्रदेश के लोकतंत्र की है। कांग्रेस का उम्मीदवार राज्यसभा जाएगा। देश संकट में है और बीजेपी खरीद-परोख्त कर रही है। जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
कांग्रेस के लोग हैं एकजुट
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। हम सभी लोग उनके पक्ष में एकजुट हैं। बीजेपी के लोग गलतफहमी हैं कि वे लोग टूटफूट कर लेंगे। कांग्रेस पूरी तरह से संगठित है। कांग्रेस के सभी लोग मीनाक्षी नटराजन को समर्थन देंगे।
बीजेपी ने महेश केवट को बनाया उम्मीदवार
गौरतलब है कि बीजेपी ने महेश केवट को उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी है। 230 सीटों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा में प्रभावी वोटों की संख्या 228 है। इसमें भाजपा के 164 और कांग्रेस के 64 विधायक हैं। बीना से विधायक निर्मला सप्रे के मतदान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं, विजयपुर से विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान पर रोक लगी है। ऐसे में कांग्रेस के पास 62 वोट हैं। राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए 58 वोटों की जरूरत है।

