गुना के बजरंगगढ़ ओवरब्रिज पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नीट की तैयारी कर रही 19 वर्षीय छात्रा रेलवे ट्रैक पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
बजरंगगढ़ ओवरब्रिज से रेलवे ट्रैक पर गिरी नीट की छात्रा
गुना: मध्य प्रदेश के गुना शहर में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बजरंगगढ़ ओवरब्रिज पर शनिवार को एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक 19 वर्षीय युवती ओवरब्रिज के ऊपर से सीधे नीचे रेलवे पटरियों पर जा गिरी। युवती सीधे ट्रैक पर खड़े एक रेल इंजन के आगे गिरी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस हादसे के बाद युवती काफी देर तक गंभीर हालत में पटरियों पर तड़पती रही, लेकिन वहां से गुजरने वाले राहगीर मूकदर्शक बने रहे। यहां तक कि पास की पटरी पर रुके एक अन्य इंजन के लोको पायलट ने भी तत्काल कोई नागरिक सहायता नहीं दी।
आरक्षक की बेटी है घायल छात्रा
शुरुआती जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल हुई युवती की पहचान सोनम खांडे (19) के रूप में हुई है, जो आरोन थाने में पदस्थ पुलिस आरक्षक कमलेश खांडे की बेटी है। वह लंबे समय से गुना में अपने परिवार के साथ रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। जांच में एक चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि वह पिछले पांच-छह दिनों से अपनी कोचिंग क्लास नहीं जा रही थी। इस घटना के बाद से ही सहमे हुए परिजनों ने अभी इस मामले पर कुछ भी कहने से पूरी तरह दूरी बना रखी है।
पुलिस के सामने संदिग्ध मामला, जांच शुरू
इस पूरे मामले को लेकर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) राजकुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से इस घटना की सूचना मिली थी। टीआई शर्मा के अनुसार, यह पूरा मामला अभी बेहद संदिग्ध है। वह खुद ब्रिज से कूदी है या दुर्घटनावश नीचे गिरी है, इस पर अभी कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस टीम अस्पताल में युवती के बयान दर्ज करने पहुंची थी, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत स्थिर न होने के कारण वह अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है और युवती के होश में आने के बाद ही असली वजह सामने आ पाएगी।

