Homeभारतमध्यप्रदेशमहिला को सोना-चांदी और नकदी के साथ रील बनाना पड़ा भारी, चोरों...

महिला को सोना-चांदी और नकदी के साथ रील बनाना पड़ा भारी, चोरों ने रातों-रात कर दिया घर खाली

मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के ग्राम मोहनी में चोरों ने एक महिला के घर लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया. बदमाश दीवार पर लगे तार काटकर और सीढ़ी की मदद से घर में घुसे. उन्होंने सीसीटीवी कैमरे को ऊपर की ओर मोड़कर अलमारी का ताला तोड़ा और सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चुरा ली.

सोशल मीडिया पर अपनी संपत्ति, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी दिखाना आपको भी भारी पड़ सकता है. ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और लग्जरी गाड़ी के साथ तस्वीरें साझा करने वाली एक महिला के घर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया. घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

जानकारी के अनुसार, यह घटना शिवपुरी जिले के ग्राम मोहनी की है. यहां रहने वाली रचना गुर्जर के घर देर रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर पहले घर के बाहर पहुंचे और दीवार पर लगे तारों को काट दिया. इसके बाद वे सीढ़ी (नसेनी) की मदद से घर के अंदर दाखिल हुए. घर में प्रवेश करने के बाद बदमाशों ने सबसे पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को डंडे की सहायता से ऊपर की ओर मोड़ दिया, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरे में साफ तौर पर रिकॉर्ड न हो सकें.

हालांकि, कैमरे को मोड़ने से पहले और बाद की कुछ गतिविधियां सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गईं. फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर बड़ी सावधानी और तैयारी के साथ घर में दाखिल हुए थे. घर के अंदर पहुंचने के बाद उन्होंने अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर ली. चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी सीढ़ी की मदद से वापस बाहर निकल गए और मौके से फरार हो गए.

घटना का पता तब चला जब सुबह परिवार के लोगों ने घर का सामान बिखरा हुआ देखा. अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखा कीमती सामान गायब था. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

पीड़िता रचना गुर्जर ने बताया कि उनके घर से लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी चोरी हुई है. उन्होंने आशंका जताई कि सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों के कारण अपराधियों को उनके घर में रखे कीमती सामान की जानकारी मिली होगी. पुलिस भी इस पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.

एडिशनल एसपी संजीव मूल ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी. घटना के बाद इलाके में लोगों को सोशल मीडिया पर निजी और कीमती संपत्ति से जुड़ी जानकारी साझा करते समय सतर्क रहने की सलाह भी दी जा रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments