राजनांदगांव, (हेमंत वर्मा)। राजनांदगांव जिले के घुमका में पहली बार आयोजित नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा ने जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी किरण वर्मा को पराजित किया। उल्लेखनीय है कि चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले महानगर मेट्रो ने अपने विश्लेषण में स्पष्ट संकेत दिए थे कि घुमका में मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा है, लेकिन स्थानीय मुद्दों पर जनता की नाराजगी सत्ता पक्ष के लिए चुनौती बन सकती है। चुनावी माहौल का आकलन करते हुए यह भी कहा गया था कि क्षेत्र में सत्ता विरोधी लहर दिखाई दे रही है और इसका लाभ कांग्रेस को मिल सकता है।
चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सभाओं में उमड़ी भीड़ और दूसरी ओर भाजपा द्वारा मंत्रियों एवं निगम-मंडलों के पदाधिकारियों की व्यापक चुनावी सक्रियता को भी राजनीतिक संकेत के रूप में देखा गया था। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर शराब दुकान, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं को लेकर लोगों में असंतोष भी महसूस किया गया था। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि घुमका में मतदाताओं ने स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए अपना फैसला सुनाया है। ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बने क्षेत्र में हुए इस पहले चुनाव में जनता ने कांग्रेस की फूलमती वर्मा पर भरोसा जताया और उन्हें नगर पंचायत अध्यक्ष चुना। चुनाव परिणामों के बाद यह चर्चा भी तेज हो गई है कि महानगर मेट्रो द्वारा प्रस्तुत चुनावी विश्लेषण और जमीनी आकलन काफी हद तक सटीक साबित हुआ। स्थानीय राजनीतिक हलकों में इस परिणाम को क्षेत्रीय मुद्दों और जनभावनाओं की जीत के रूप में देखा जा रहा है।

