CBI छापे के बाद चर्चा में आए MCD के विज्ञापन विभाग का CAG ने ऑडिट शुरू किया है। 2023 से 2026 तक के रिकॉर्ड की जांच होगी। शुरुआती अनुमान में निगम को 125 से 150 करोड़ रुपये तक के संभावित नुकसान की आशंका जताई गई है।
हाइलाइट्स
MCD के विज्ञापन विभाग में CAG ने 2023-2026 तक का ऑडिट शुरू किया
शुरुआती अनुमान के मुताबिक, 125-150 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका
यूनीपोल मामले में 15 लाख की रिश्वत के आरोप में अधिकारी और कंपनी डायरेक्टर गिरफ्तार
नई दिल्ली: सीबीआई छापे के बाद चर्चा में आए MCD के विज्ञापन विभाग में रेवेन्यू की गड़बड़ी और संभावित नुकसान का पता लगाने के लिए CAG ने ऑडिट शुरू कर दिया है। 4 से 5 अधिकारियों की टीम सिविक सेंटर के 25वें फ्लोर पर विभाग की फाइलों और कंप्यूटर रिकॉर्ड की जांच कर रही है। ऑडिट में 2023 से 2026 तक के रिकॉर्ड खंगाले जाएंगे। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस दौरान MCD को 125 से 150 करोड़ रुपये तक का नुकसान हुआ हो सकता है।
एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक, ऑडिट का आदेश एलजी ऑफिस से जारी हुआ है। इसका मकसद रेवेन्यू में गड़बड़ी का पता लगाना और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच करना है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, विभाग ने 17 नवंबर 2025 तक 265.42 करोड़ रुपये की रिकवरी की थी, जबकि 17 नवंबर 2026 तक यह रकम घटकर 225.25 करोड़ रुपये रह गई।
एलजी ऑफिस के आदेश पर कंप्यूटर रिकॉर्ड की जांच
150 करोड़ तक के रेवेन्यू नुकसान की आशंका
2023 से 2026 तक की होगी पड़ताल
यूनीपोल कंपनी से मिलीभगत और 15 लाख की रिश्वत का आरोप
16 सितंबर 2026 को सीबीआई छापे के बाद विभाग में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया था। आरोप है कि अधिकारी अनिल कुमार उर्फ खत्री ने एक कंपनी के साथ मिलीभगत की। एग्रीमेंट खत्म होने के बाद भी कंपनी यूनीपोल चला रही थी, जिसकी मासिक लाइसेंस फीस करीब 33 लाख रुपये थी। आरोप है कि कंपनी के डायरेक्टर ने इसके बदले अधिकारी को 15 लाख रुपये की रिश्वत दी। सीबीआई ने दोनों को गिरफ्तार किया था। इस कंपनी पर MCD का करीब 10 करोड़ रुपये बकाया बताया जा रहा है।

