मुंबईकरों को जल्द ही बड़ी राहत मिलेगी। उपनगरों में रहने वाले लोग मुंबई और मुंबई से उपनगरों में आवाजाही करने वाले दैनिक यात्री जल्द ही पनवेल से कर्जत की सीधी कनेक्टिविटी हासिल करेंगे। मुंबई महानगर क्षेत्र में 29.6 KM लंबे इस रेल लाइन की सौगात नए साल में मिल जाएगी।
हाइलाइट्स
पनवेल-कर्जत रेलवे मार्ग को जल्द मिलेगी बिजली आपूर्ति
बिजली आपूर्ति के बाद नई रेल लाइन पर शुरू हो ट्रायल
कर्जत से नवी मुंबई या पनवेल आने-जाने वालों मिलेगी राहत
मुंबई: मुंबईकरों के लिए बड़ी गुड न्यूज सामने आई है। मुंबई की उपनगरीय रेल सेवा में एक नया कॉरिडोर जुड़ने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। पनवेल से कर्जत के बीच बन रहे 29.6 किलोमीटर लंबे नए रेल कॉरिडोर पर 15 दिसंबर 2026 से ओवरहेड वायर (OHE) में बिजली की सप्लाई शुरू करने की तैयारी है। मुंबई रेलवे विकास निगम (MRVC) के अनुसार, बिजली सप्लाई शुरू होने के बाद इस रूट पर आगे की जांच और ट्रेन ट्रायल का रास्ता साफ होगा। हालांकि, यात्रियों के लिए लोकल सेवा शुरू करने से पहले जरूरी सुरक्षा जांच और रेलवे की मंजूरी लेनी होगी।
पनवेल-कर्जत के बीच सीधी कनेक्टिविटी
इस नए कॉरिडोर के शुरू होने से पनवेल और कर्जत के बीच सीधी उपनगरीय रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। फिलहाल इस मार्ग पर जाने वाले यात्रियों को लंबा सफर करना पड़ता है। नया मार्ग शुरू होने से यात्रियों को एक वैकल्पिक रेल रास्ता मिलेगा। इससे कल्याण रेल मार्ग पर भीड़ और दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।
रूट पर होंगे 5 स्टेशन
करीब 2,782 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट में कुल पांच स्टेशन होंगे। इनमें पनवेल, चिखले, मोहोपे, चौक और कर्जत शामिल हैं। इस कॉरिडोर पर तीन सुरंगें बनाई गई हैं। इनमें वावरले गांव के पास बनी 2.6 किलोमीटर लंबी सुरंग सबसे खास है। इसके अलावा इस रूट पर रेलवे फ्लाईओवर, बड़े और छोटे पुल भी बनाए गए हैं।
चरणबध्द तरीके से होगा काम
MRVC की ओर से 15 दिसंबर से या उसके बाद नए रूट के अप और डाउन ट्रैक के साथ रेलवे साइडिंग और अन्य संबंधित ट्रैक पर भी बिजली सप्लाई शुरू की जाएगी। इसके बाद रेलवे अधिकारी बिजली व्यवस्था, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच करेंगे। फिर ट्रेन चलाकर ट्रायल किया जाएगा। सुरक्षा से जुड़ी सभी जांच और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही इस रूट पर यात्री लोकल सेवा शुरू हो सकेगी।
रेलवे ने लोगों को दी सावधानी बरतने की सलाह
ओवरहेड वायर में बिजली सप्लाई शुरू होने के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों और वहां काम करने वाले कर्मचारियों को विशेष सावधानी बरतनी होगी। रेलवे ने लोगों को बिजली के तारों और अन्य उपकरणों से दूर रहने की सलाह दी है। बिजली सप्लाई शुरू होने के बाद इन तारों को हमेशा चालू मानकर चलने की हिदायत दी गई है। इस कॉरिडोर के शुरू होने से पनवेल, नवी मुंबई, कर्जत और आसपास के तेजी से विकसित हो रहे इलाकों की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

