CAQM ने दिल्ली समेत हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश का प्रदूषण नियंत्रण रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। 31 अक्टूबर तक 29 मानकों पर हुई प्रगति का आकलन किया गया। दिल्ली में बसों, पार्किंग, कूड़े के निस्तारण और ग्रीन क्रिमेटोरियम के लक्ष्य अधूरे रहे।
हाइलाइट्स
CAQM रिपोर्ट में दिल्ली कई प्रदूषण नियंत्रण लक्ष्यों में पिछड़ी
दिल्ली का AQI 239, लगातार 8वें दिन हवा खराब
8,027 गाड़ियों के चालान, 3,574 बॉर्डर से लौटाईं
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से निपटने के लिए राज्य सरकारें और दिल्ली सरकार कितना काम कर रही हैं, अब इसका हिसाब भी रखा जाएगा। कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने इस दिशा में पहल करते हुए दिल्ली समेत संबंधित राज्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। इसमें प्रदूषण के अलग-अलग स्रोतों पर नियंत्रण के लिए तय लक्ष्यों के मुकाबले 31 अक्टूबर 2026 तक हुई प्रगति का आकलन किया गया है। रिपोर्ट कार्ड आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
आयोग के मुताबिक, यह साल 2026 का अंतरिम रिपोर्ट कार्ड है। अंतिम रिपोर्ट कार्ड जनवरी 2027 में जारी किया जाएगा। ऐसे में दिल्ली और राज्यों के पास साल के बचे हुए समय में अपने प्रयास तेज कर प्रदर्शन सुधारने का मौका है। रिपोर्ट कार्ड में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कामकाज को 29 मानकों पर परखा गया है।
इनमें मॉनिटरिंग स्टेशन की संख्या, निर्माण और कचरे का निस्तारण, औद्योगिक इकाइयों की जांच, कूड़े के पहाड़ों का निपटारा, पराली प्रबंधन, सड़क की धूल पर नियंत्रण और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े लक्ष्य शामिल हैं।
परफॉर्मेंस के लिए तीन श्रेणियां बनाई गई हैं। 100 फीसदी लक्ष्य पूरा करने पर संतोषजनक, 75 से 100 फीसदी से कम उपलब्धि पर सुधार की जरूरत और 75 फीसदी से कम उपलब्धि पर असंतोषजनक श्रेणियां बनाई गई हैं।
AQI Delhi
दिल्ली का AQI 239, PM 2.5 रहा मुख्य प्रदूषक
जनवरी में आएगी फाइनल रैंकिंग, अक्टूबर तक के कामकाज का आकलन
दिल्ली के पास साल के बाकी समय में अपना प्रदर्शन सुधारने का है मौका
दिल्ली में कहां पिछड़े प्रयास
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली ने 19 मॉनिटरिंग स्टेशन लगाने का लक्ष्य पूरा हो गया है। डीजल जनरेटर सेट के 539 लक्ष्य के मुकाबले 1,296 निरीक्षण किए गए। औद्योगिक यूनिट्स के निरीक्षण में भी 1,609 निरीक्षण हुए।
कूड़े के पहाड़ों के निस्तारण का लक्ष्य अधूरा है। ओखला में 27.45 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले 18.26, भलस्वा में 27.49 लाख टन और गाजीपुर में 16.53 लाख टन कचरे का निस्तारण हुआ है।
बसों की संख्या बढ़ाने के 2,395 के लक्ष्य के मुकाबले 1,703 बसें ही जुड़ी हैं। पार्किंग स्थल विकसित करने के 266 के लक्ष्य में से सिर्फ 15 पर काम हुआ। वहीं, 49 ग्रीन क्रिमेटोरियम बनाने के लक्ष्य के मुकाबले जीरो उपलब्धि रही।
राजधानी में लगातार 8वें दिन खराब रही हवा
दिल्ली में वायु प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं है। राजधानी का AQI लगातार 8वें दिन खराब लेवल पर रहा। CPCB के बुलेटिन के मुताबिक रविवार को दिल्ली का AQI 239 दर्ज किया गया। NCR के शहरों में फरीदाबाद का AQI 113, गाजियाबाद का 225, ग्रेटर नोएडा का 190, गुरुग्राम का 205 और नोएडा का 214 रहा।
दिल्ली में बढ़ने लगी ठंड, छाएगी धुंध
दिल्ली में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट के साथ अब कोहरे की भी दस्तक होने वाली है। मौसम विभाग ने 25 नवंबर से राजधानी के कई इलाको में कोहरा छाने की संभावना जताई है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 23 और 24 नवंबर को अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रह सकता है।
8,027 गाड़ियों के काटे PUCC से जुड़े चालान
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने ग्रैप के तहत सख्ती बढ़ा दी है। ईस्टर्न रेंज में 1 से 20 नवंबर तक चले अभियान के दौरान प्रदूषण नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वाली 8,027 गाड़ियों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUCC) से जुड़े चालान काटे गए। वहीं, 3,574 गाड़ियों को बॉर्डर से वापस लौटा दिया गया। डीसीपी ट्रैफिक ईस्टर्न रेंज श्वेत सिंह चौहान के निर्देश पर सभी ट्रैफिक सर्किलों में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान बॉर्डर पर कुल 61,865 गाड़ियों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 321 पुराने और अपनी निर्धारित आयु पूरी कर चुकी गाड़ियों को भी जब्त किया गया। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को गाड़ियों की गहन जांच के निर्देश दिए गए थे।

