दिल्ली पुलिस ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के सक्रिय बदमाश पवन कुमार उर्फ मक्खी को गिरफ्तार किया है। उस पर प्रॉपर्टी डीलर को अगवा कर पिस्टल के बल जबरन समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कराने का आरोप है। उसका एक साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुका था।
हाइलाइट्स
टिल्लू ताजपुरिया गैंग का बदमाश पवन उर्फ मक्खी गिरफ्तार
प्रॉपर्टी डीलर को अगवा कर पिस्टल के बल पर समझौता पत्र पर कराए थे साइन
अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद से फरार था आरोपी, दिल्ली-हरियाणा में कई केस दर्ज
नई दिल्ली: प्रॉपर्टी डीलर को अगवा कर पिस्टल के बल पर समझौता पत्र पर जबरन हस्ताक्षर कराने के मामले में फरार चल रहे टिल्लू ताजपुरिया गैंग के सक्रिय बदमाश पवन कुमार उर्फ मक्खी को आउटर-नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी दिल्ली के ताजपुर गांव का रहने वाला है। रोहिणी की सेशंस कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद वह गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर दिल्ली और हरियाणा में रंगदारी, संगठित अपराध और जानलेवा हमले समेत कई मामले दर्ज हैं।
जमानत खारिज होने के बाद से फरार था
डीसीपी आउटर-नॉर्थ शोभित डी सक्सेना ने बताया कि अकबरपुर माजरा गांव के राकेश कुमार ने 29 अक्टूबर को अलीपुर थाने में शिकायत दी थी कि 27 अक्टूबर को नरेंद्र उर्फ भोलू ने उन्हें घर के बाहर बुलाया। वहां पहले से मौजूद पवन उर्फ मक्खी के साथ वह उन्हें काली महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन में जबरन बैठाकर ले गया। आरोपियों ने उन्हें पल्ला-झांगोला रोड और बख्तावरपुर स्थित सुनील तंवर उर्फ राजू के दफ्तर समेत कई जगहों पर बंधक बनाकर रखा।
इस दौरान आरोपियों ने अलीपुर थाने में दर्ज पुराने मुकदमे को वापस लेने और उसमें गवाही नहीं देने का दबाव बनाया। आरोप है कि पवन ने राकेश की कनपटी पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और उनसे जबरन समझौता पत्र पर साइन करा लिए।
साइबर सेल की टीम ने आरोपी को पकड़ा : एक पहले ही पकड़ा गया था
पुलिस ने 30 अक्टूबर को नरेंद्र उर्फ भोलू को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो बरामद की थी, लेकिन पवन फरार था। 6 नवंबर को रोहिणी की सेशंस कोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तकनीकी निगरानी बढ़ाई और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।
आखिरकार 21 नवंबर को स्पेशल स्टाफ ने उसे दबोच लिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पवन अलीपुर और हरियाणा के कुंडली थाने में दर्ज रंगदारी, संगठित अपराध और जानलेवा हमले जैसे मामलों में भी शामिल रहा है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल, जबरन साइन कराए गए समझौता पत्र की बरामदगी और अन्य फरार साथियों की भूमिका की जांच कर रही है।

