HomeभारतFSSAI ने रद्द किए 5 हेल्थकेयर कंपनियों के लाइसेंस, बिसलेरी पर कानूनी...

FSSAI ने रद्द किए 5 हेल्थकेयर कंपनियों के लाइसेंस, बिसलेरी पर कानूनी कार्यवाही को मंजूरी

वेदांत रेमेडीज, लुसिड हेल्थ केयर समेत पांच कंपनियों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं. जांच में गंदगी, एक्सपायर्ड सामग्री और नियमों के उल्लंघन जैसी खामियां मिलीं. FSSAI ने बिसलेरी के पानी के सैंपल को असुरक्षित पाए जाने पर कानूनी कार्यवाही की मंजूरी दी है. कंपनी ने सफाई में पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताया है.

खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन को लेकर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने पांच कंपनियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं. इनमें वेदांत रेमेडीज प्राइवेट लिमिटेड, लुसिड हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स और एडोरियल हेल्थकेयर शामिल हैं.

इन कंपनियों के परिसरों पर जांच के दौरान साफ-सफाई की कमी, गलत तरीके से उत्पादों का भंडारण, भ्रामक जानकारी और जरूरी खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किए जाने जैसी खामियां मिलीं. FSSAI ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत यह कार्रवाई की है.

लुसिड हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड के यहां भी गंदगी, खराब स्टोरेज, रोशनी की कमी और कीट नियंत्रण में लापरवाही मिली. आयुर्वेदिक और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पाद एक ही परिसर में बिना उचित सेफ्टी के बनाए जा रहे थे. कर्मचारियों के लिए जरूरी स्वच्छता सुविधाएं और अनिवार्य FoSTaC ट्रेनिंग भी नहीं थी. इसके अलावा, 10 री-लेबलर्स बिना वैध मंजूरी या अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) के वहां बने उत्पादों पर दोबारा लेबल लगाते मिले. कंपनी का कंप्लायंस स्कोर 27 फीसदी रहा.

एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर में भी गंदगी

एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर के निरीक्षण में दीवारों और फर्श की खराब हालत, वेंटिलेशन की कमी, कीटों के आने की गुंजाइश और गंदे उपकरण मिले. एक्सपायर्ड सामग्री और गलत तरीके से उत्पादों के भंडारण की खामियां भी सामने आईं. कंपनी को 46 फीसदी कंप्लायंस स्कोर मिला.

विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स का लाइसेंस वाला परिसर बंद मिला और वहां कोई अधिकृत कर्मचारी मौजूद नहीं था. कंपनी बिना लाइसेंस में नए पते की मंजूरी लिए दूसरी जगह से कारोबार कर रही थी. यह परिसर मीट प्रोसेसिंग करने वाली एक अन्य फूड यूनिट के साथ साझा था.

वहीं, एडोरियल हेल्थकेयर का लाइसेंस वाला कारोबारी परिसर मौजूद नहीं मिला. निरीक्षण के दौरान वहां निर्माण कार्य चल रहा था. संपत्ति के मालिक ने कंपनी से किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया. इसके बावजूद कंपनी का FSSAI लाइसेंस सक्रिय था. अधिकारियों ने गलत या भ्रामक जानकारी देने का मामला भी पाया.

सुधार के नोटिस का जवाब नहीं दे पाईं कंपनियां

कई मामलों में खाद्य कारोबारियों ने सुधार के लिए जारी नोटिस का संतोषजनक जवाब या अनुपालन रिपोर्ट नहीं दी. कुछ जवाबों के साथ सुधारात्मक कदम उठाने के सबूत भी नहीं थे. FSSAI ने कहा कि गंभीर खाद्य सुरक्षा और नियामक उल्लंघनों को देखते हुए पांचों कंपनियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए हैं. प्राधिकरण ने इस कार्रवाई के जरिए साफ-सफाई, सही मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया, पारदर्शी लेबलिंग, वैध लाइसेंस और जरूरी रिकॉर्ड बनाए रखने के नियमों के पालन पर जोर दिया है.

FSSAI ने बिसलेरी पर भी लिया एक्शन

FSSAI ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल को लैब जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मंजूरी दी है. शुरुआती जांच में पानी के सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली थी. कंपनी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया था, जहां पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी पाई गई. इसके बाद सैंपल को दोबारा असुरक्षित घोषित किया गया.

बिसलेरी ने कहा है कि मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके प्लांट में तैयार एक बैच से जुड़ा है. कंपनी के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने छह सैंपल लिए थे. इनमें पांच सभी मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली. इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है.

कंपनी का कहना है कि 22 नवंबर 2025 को अपील के बाद रेफरल लैब ने सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर पाई, लेकिन PAHs की मौजूदगी का भी उल्लेख किया. इसके बाद बिसलेरी ने उसी सैंपल की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब से कराई, जिसमें ब्रोमेट तय सीमा के भीतर मिला.

कंपनी के मुताबिक, उसने 2 फरवरी 2026 को स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय में जमा कराई थी. इसके बाद उसे कोई सूचना नहीं मिली और उसने समझा कि मामला बंद हो गया है. बिसलेरी ने कहा कि वह अपनी 10 चरणों वाली मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया में 90 से अधिक तरह के गुणवत्ता परीक्षण करती है और उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments