Homeक्राइमदिल्ली में फिर गैंगवार! खजूरी खास में 25 से ज्यादा गोलियां चलीं,...

दिल्ली में फिर गैंगवार! खजूरी खास में 25 से ज्यादा गोलियां चलीं, गैंग से जुड़े युवक की मौत

दिल्ली के खजूरी खास में सोमवार देर शाम गैंगवार के दौरान समीर उर्फ भूरा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात में 25 राउंड से ज्यादा फायरिंग हुई। पुलिस को अनवर ठाकुर-हारून और नसीम दुर्दानी गैंग के बीच पुरानी रंजिश का शक है।

नई दिल्ली: खजूरी खास में सोमवार देर शाम गैंगवॉर में बदमाशों ने गोलियां बरसाकर एक युवक की हत्या कर दी। 25 राउंड से ज्यादा फायरिंग हुई। युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान समीर उर्फ भूरा (25) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, समीर अनवर ठाकुर-हारून गैंग से जुड़ा था। उसकी हत्या के पीछे हारून के प्रतिद्वंद्वी नसीम दुर्दानी गैंग का हाथ होने का शक है। सूत्रों का दावा है कि नसीम दुर्दानी भी वारदात के समय मौके पर मौजूद था और उसने फायरिंग की। वारदात के समय समीर के साथ उसका दोस्त भी मौजूद था। किसी तरह उसने भागकर जान बचाई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार देर शाम जीरो पुश्ता स्थित कैंप कार्यालय के पास फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार बदमाशों ने समीर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फरार हो गए। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। समीर को 8-9 गोलियां लगी हैं।

दोनों गैंग के बीच पिछले एक साल में चार से ज्यादा हत्याएं हो चुकी हैं

सूत्रों के मुताबिक, दोनों गैंग के बीच पिछले एक साल में चार से ज्यादा हत्याएं हो चुकी हैं। कुछ समय पहले हारून के चाचा राजा मेवाती की हत्या हुई थी। इसके बाद बदले की कार्रवाई में राशिद की हत्या कर दी गई। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद दो नाबालिग शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से दो पिस्तौल, पांच कारतूस, तीन खोखे और चोरी की बाइक बरामद हुई थी। अब समीर की हत्या को भी इसी गैंगवॉर से जोड़कर देखा जा रहा है।

खूनी संघर्ष में 15 से ज़्यादा हत्याएं

सूत्रों के मुताबिक, अनवर ठाकुर का दिल्ली के अपराध जगत में लंबे समय तक दबदबा रहा है। उसके खिलाफ 40 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज। सदर बाजार थाने में 1992 में हुए एक मर्डर केस में उसे उम्रकैद हुई थी। बताया जाता है कि जेल में उसकी मुलाकात डी-कंपनी के फजल-उर-रहमान से हुई थी। बाद में वह परोल पर दुबई गया और दाऊद गिरोह के संपर्क में आया। बाद में अनवर डी-कंपनी से अलग हो गया। मेरठ से अपराध की दुनिया में कदम रखने के बाद अनवर सीलमपुर आ गया और अपना गैंग बना लिया। गैंगस्टर छेनू के गुरु अखिल डॉन को भी उसका करीबी बताया जाता है। 2006 में अनवर और वेलकम के सलीम पहलवान के बीच गैंगवॉर शुरू हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, इस खूनी संघर्ष में 15 से ज्यादा हत्याएं हुई थीं। अनवर का भाई अशरफ मुंबई में रंगदारी वसूलता था, जिसे मुंबई पुलिस ने 2002 में मुठभेड़ में मार गिराया था। फिलहाल पुलिस समीर की हत्या के मामले में हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments