दिल्ली के चांदनी चौक में चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का हिस्सा गिरने के बाद जगह बंद कर दी गई और छह दमकल गाड़ियां भेजी गईं. इस हादसे में बताया जा रहा है कि कम से कम 6-7 लोग फंसे हुए हैं.
दिल्ली के चांदनी चौक इलाके के चावड़ी बाजार में गुरुवार को एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का हिस्सा गिर गया. हादसा गली सत्तारा, शीश महल इलाके में चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास हुआ. इमारत का हिस्सा गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. दिल्ली पुलिस ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है.
दिल्ली फायर विभाग के मुताबिक, उसे अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग का हिस्सा गिरने की जानकारी मिली थी. इसके बाद मौके पर छह फायर टेंडर भेजे गए. एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया.
सौरभ भारद्वाज ने सरकार और एमसीडी पर उठाए सवाल
इस हादसे को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने कहा कि चावड़ी बाजार और चांदनी चौक में एक और तीन मंजिला इमारत गिर गई है और मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है.
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार और एमसीडी पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोनों ने दिल्ली की इमारतों का कई बार सेफ्टी ऑडिट कराया है, इसके बावजूद इमारतें गिर रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा ऑडिट के आदेश तो बार-बार दिए गए, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय कई विभागों ने बार-बार रिश्वत वसूली.
उन्होंने दावा किया कि पहले सिर्फ दिल्ली पुलिस और एमसीडी पर रिश्वत लेने के आरोप लगते थे, लेकिन रेखा गुप्ता सरकार आने के बाद फायर विभाग और राजस्व विभाग के एसडीएम भी इमारतों से रिश्वत लेने लगे हैं. भारद्वाज ने आरोप लगाया कि जो लोग रिश्वत देने से इनकार करते हैं, उनकी इमारतों को एमसीडी सील कर देती है.
उन्होंने ग्रेटर कैलाश-2 मार्केट में दो जिम सील किए जाने का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि दक्षिणी दिल्ली के उसी जोन में दूसरे जिम और व्यावसायिक इमारतें खुली क्यों हैं. सौरभ भारद्वाज ने इसे चुनिंदा कार्रवाई बताते हुए सरकार और संबंधित विभागों की जवाबदेही पर सवाल उठाए.
JE-AE को किया गया सस्पेंड
निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने के बाद एमसीडी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके के जेई अमन दलाल और एई मोहम्मद नईम को सस्पेंड कर दिया है. एमसीडी ने इसके पीछे ड्यूटी में गंभीर लापरवाही को वजह बताया है. वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि एमसीडी, डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस की टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं. मुख्यमंत्री ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के भी आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तुरंत मदद पहुंचाने के लिए टीमें काम कर रही हैं.

