दिवाली छठ से पहले नॉर्दर्न रेलवे ने बड़ा फैसला लेते हुए कई स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट बैन कर दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने लगी है। बड़ी संख्या में लोग अपने घरों को जा रहे हैं, ऐसे में क्राउड कंट्रोल को लेकर ये फैसला लिया गया है।
दिल्ली एनसीआर में नहीं मिलेंगे प्लेटफॉर्म टिकट
नई दिल्ली: त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है। दिवाली, भाई दूज और छठ को लेकर बाजारों में रौनक है। इस मौके पर दूसरे राज्यों से दिल्ली-एनसीआर में आए लोग त्योहारों पर अपने घर जाने की सोच रहे हैं। ऐसे में रेलवे का रोल बेहद अहम हो जाता है। बड़ी संख्या लोग अपने घरों को जाने की प्लानिंग कर चुके हैं। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ट्रेनों में टिकट नहीं मिल रहे। इस मौके पर बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और ओडिशा जाने वाले हजारों यात्रियों की भीड़ को देखते हुए, नॉर्दर्न रेलवे ने दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के इंतजाम कड़े कर दिए हैं।
14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट बैन
रेलवे ने दिल्ली-एनसीआर में कई स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट देने पर रोक लगा दी गई है। ऐसा रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को कंट्रोल करने के लिए किया गया है। उत्तर रेलवे ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए छह प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री रोक दी है। इस दौरान, केवल कन्फर्म ट्रेन टिकट वाले यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति होगी।
इन 6 स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट बैन
नई दिल्ली
पुरानी दिल्ली
हजरत निजामुद्दीन
आनंद विहार टर्मिनल
आनंद विहार हॉल्ट
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन
रेलवे ने क्यों लिया ये फैसला
रेलवे के इस फैसले की वजह से अब प्लेटफॉर्म टिकट न तो टिकट काउंटरों से मिलेंगे, न ही मोबाइल ऐप से और न ही ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों से मिल सकेंगे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अकसर यात्रियों के साथ उनके रिश्तेदार या परिचित स्टेशन तक आते हैं और उन्हें ट्रेन में चढ़ाने में मदद करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट खरीदते हैं। इससे स्टेशनों पर भीड़ और बढ़ जाती है, खासकर त्योहारों के समय जब यात्रियों की भारी आवाजाही होती है।
इन लोगों को मिलेगी छूट
नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि इस दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को जरूरी सहयोग मिलता रहेगा। उनके साथ आने वाले सहायकों को इस पाबंदी से छूट दी गई है। रेलवे त्योहारों के लिए स्पेशल ट्रेनें भी चला रहा है और इस हफ्ते इनकी संख्या बढ़ाने की योजना है।

