Homeभारतमहाराष्ट्राराज्योत्सव 2026 में स्वास्थ्य विभाग का जागरूकता स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र

राज्योत्सव 2026 में स्वास्थ्य विभाग का जागरूकता स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र

खैरागढ़/साल्हेवारा== राज्योत्सव 2026 के अवसर पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी देने के उद्देश्य से आकर्षक स्वास्थ्य जागरूकता स्टॉल लगाया गया।

इस वर्ष राज्योत्सव की थीम “सशक्त नारी एवं युवा उड़ान” को ध्यान में रखते हुए स्टॉल में महिला स्वास्थ्य, युवा स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, तंबाकू एवं नशामुक्ति तथा स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।

तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत युवाओं को तंबाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। स्टॉल में स्वस्थ फेफड़े एवं धूम्रपान से क्षतिग्रस्त फेफड़ों का थ्री-डी मॉडल विशेष आकर्षण रहा। इसके माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान को समझाते हुए “धूम्रपान छोड़ें, जिंदगी चुनें, तंबाकू नहीं” का संदेश दिया गया।

टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी के लक्षण, बचाव, जांच एवं निःशुल्क उपचार की जानकारी दी गई। साथ ही हैंडहेल्ड एक्स-रे, निक्षय मित्र योजना एवं टीबी मुक्त ग्राम पंचायत पहल का प्रदर्शन कर लोगों को समय पर जांच कराने तथा टीबी से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने के लिए प्रेरित किया गया।

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के तहत अवसाद, चिंता, अनिद्रा, तनाव प्रबंधन एवं मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। मानसिक समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर परामर्श एवं उपचार लेने का संदेश दिया गया।

सशक्त नारी–स्वस्थ महिला, सशक्त परिवार की अवधारणा के तहत महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया की रोकथाम, गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव एवं सुरक्षित मातृत्व संबंधी सेवाओं की जानकारी दी गई।

वहीं युवा उड़ान–स्वस्थ युवा, स्वस्थ समाज के अंतर्गत युवाओं को नशे से दूर रहने, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं हृदय रोग जैसे गैर-संचारी रोगों से बचाव के उपाय भी बताए गए।

इसके साथ ही आयुष्मान भारत सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न शासकीय योजनाओं, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं आम नागरिकों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई।

इस प्रकार स्वास्थ्य विभाग का यह जागरूकता स्टॉल राज्योत्सव में जनस्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण एवं युवा जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम बना। इसके जरिए नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

जिला स्वास्थ्य विभाग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का संदेश—

“स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार, स्वस्थ युवा–सशक्त छत्तीसगढ़। तंबाकू मुक्त समाज एवं स्वस्थ जीवनशैली की ओर एक कदम।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments