Homeभारतउत्तरप्रदेशभदोही में सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकराया ऑक्सीजन टैंकर, हादसे में...

भदोही में सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकराया ऑक्सीजन टैंकर, हादसे में 2 वाहन चालकों की मौत

भदोही में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सड़क किनारे खड़े कंटेनर से एक ऑक्सीजन टैंकर टकरा गया। इस हादसे में दो वाहन चालकों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भदोही: गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वाहन चालकों की मौत हो गई। गिराई के पास सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ऑक्सीजन से भरे टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के चालक अपनी जान गंवा बैठे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

कंटेनर में आई थी तकनीकी खराबी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंटेनर संख्या NL01Q3776 प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहा था। गिराई के पास अचानक कंटेनर में तकनीकी खराबी आ गई। चालक ने वाहन को हाईवे किनारे खड़ा कर दिया और खराबी ठीक करने के लिए कंटेनर के नीचे बैठ गया। इसी दौरान पीछे से ऑक्सीजन से भरा टैंकर संख्या UP65BT0728 तेज रफ्तार में पहुंचा और सीधे खड़े कंटेनर में जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से दुर्घटना की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर गोपीगंज पुलिस पहुंची और एंबुलेंस तथा नेशनल हाईवे की क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने की कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कंटेनर के पास मिला ड्राइविंग लाइसेंस

बताया जाता है कि कंटेनर के पास से एक ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद हुआ है, जिस पर नूर मोहम्मद पुत्र सिरदार का नाम दर्ज है। लाइसेंस हरियाणा से जारी बताया जा रहा है। हालांकि, दोनों मृतकों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस मामले की जांच कर रही

मौके पर पहुंचे एंबुलेंस पायलट राजेश यादव और ईएमटी सुरेंद्र यादव ने शवों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। पुलिस दुर्घटना के कारणों और मृतकों की पहचान से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। देर रात हुए इस हादसे ने हाईवे पर एक बार फिर सड़क सुरक्षा और खड़े वाहनों के प्रति सतर्कता का सवाल खड़ा कर दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments