Homeभारतउत्तरप्रदेशबीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ फरार हुई सास, घर में...

बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ फरार हुई सास, घर में रखे जेवर भी ले गई

यूपी के उन्नाव जिले में महिला अपने बीमार पति को छोड़ करके दामाद के साथ फरार हो गई। बेटे ने पुलिस से शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

हाइलाइट्स

उन्नाव जिले के ओहरापुर कोडिया का मामला
पुश्तैनी जेवर गायब होने से परिवार में विवाद
एसपी से न्याय की गुहार, कार्रवाई की मांग

यूपी के उन्नाव जिले के एक युवक ने अपनी मां पर दामाद के साथ फरार होने और घर में रखे पुश्तैनी जेवर चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि उसकी मां, बीमार पिता को घर पर छोड़कर दामाद के साथ चली गई और घर में रखे दादी-बाबा के पुराने जेवर भी गायब हैं। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर जेवर बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना अजगैन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

सास, दामाद के साथ फरार बेटे ने की एसपी से शिकायत

अजगैन थाना क्षेत्र के ओहरापुर कोडिया निवासी बिंदालाल पुत्र छोटेलाल ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि करीब 15 वर्ष पहले उसकी बहन राजकुमारी की हत्या उसके जीजा मिश्रीलाल ने कर दी थी। उस समय बहन के बच्चे छोटे होने के कारण उसकी मां ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया था। बिंदालाल का आरोप है कि इसके बाद से ही मां चंद्रावती और जीजा मिश्रीलाल के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। पिता ने इसका विरोध किया, तो घर में विवाद होने लगा।

घर से पुश्तैनी जेवर भी गायब

बिंदालाल का आरोप है कि 14 सितंबर 2026 को मां चंद्रावती ने 10 बिस्वा जमीन अपने नाती अंकित के नाम कर दी थी। दो नवंबर को बिंदालाल अपने पिता के साथ जमीन के बैनामे की नकल लेने हसनगंज रजिस्ट्रार कार्यालय गया था। वहां से लौटने पर घर खाली मिला और मां गायब थी। घर की कोठरी में जाकर देखा तो जमीन के अंदर गड्ढा खोदकर रखे गए पुश्तैनी जेवर भी गायब थे।

एसपी से मिलकर लगाई न्याय की गुहार

बिंदालाल का कहना है कि दो नवंबर को अजगैन और सोहरामऊ थाने में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। पांच नवंबर को एसपी को दोबारा शिकायती पत्र देकर चोरी गए जेवर बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments