कालपी बार संघ के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार कुछ काम से उरई गए थे। बस से उतरकर वह एक कार वाले के साथ चले गए। रविवार सुबह उनका शव कानपुर के गुजैनी इलाके में बरामद हुआ।
जालौन: यूपी के उरई में कालपी बार संघ के अध्यक्ष गयादीन अहरिवार का कुछ लोगों ने अपहरण कर हत्या कर दी। शनिवार को 70 वर्षीय गयादीन को कार सवार एक युवक अपने साथ बैठाकर ले गया था। रविवार को कानपुर के गुजैनी इलाके में उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया। गयादीन के मर्डर से उरई के वकीलों और परिजनों में आक्रोश फैल गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि गयादीन अहरिवार शनिवार को किसी काम से उरई गए थे। दोपहर चार बजे वह रोडवेज बस से कालपी के दुर्गा मंदिर चौराहे पर उतरे। वहां उनका एक शख्स इंतजार कर रहा था। वह उनको कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। देर शाम जब गयादीन घर नहीं लौटे तो बेटे हर्ष ने मोबाइल पर फोन लगाया। फोन बंद जा रहा था। इस पर उसने अधिवक्ता संघ के अन्य सदस्यों को जानकारी दी। सभी मिलकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा।
गांव में चल रहा था जमीन विवाद
स्थानीय लोग इस हत्या के पीछे बार संघ अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की गांव की जमीन को लेकर चल रहा विवाद बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
बगैर नंबर की कार में युवक कर रहा था इंतजार
सूचना मिलते ही कालपी पुलिस और परिवार के लोग कानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस जांच में पता चला कि कालपी के दुर्गा मंदिर चौराहे पर पहले से बगैर नंबर की एक कार खड़ी थी। कार में बैठा युवक गयादीन का इंतजार कर रहा था। गयादीन रोडवेज बस से उतरकर कार में बैठकर चले गए। अगले दिन सुबह उनका शव कानपुर में बरामद हुआ।

