दिल्ली एम्स ट्रॉमा सेंटर एक्सटेंशन कैंपस में 2970 वर्ग मीटर में 897 लोगों की क्षमता वाला नवनिर्मित ‘पेशेंट वेटिंग लाउंज’ तैयार किया गया है। बीईएल द्वारा सीएसआर के तहत निर्मित इस लाउंज में रैंप, शौचालय व प्रतीक्षा क्षेत्र जैसी सुविधाएं हैं। इससे दिल्ली से बाहर से आए जरूरतमंद मरीजों व तीमारदारों को खुले में रहने से राहत मिलेगी।
नई दिल्ली: एम्स में इलाज के लिए दिल्ली के बाहर से आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों और उनके तीमारदारों को अब खुले में या अस्थायी टेंट में आराम करने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद है। एम्स ट्रॉमा सेंटर एक्सटेंशन कैंपस में 897 लोगों की बैठने की क्षमता वाली नई बिल्डिंग तैयार की गई है। इसे आश्रय शेल्टर के रूप में इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को इस नवनिर्मित पेशेंट वेटिंग लाउंज का निरीक्षण किया।
BEL ने CSR के तहत बनाई बिल्डिंग
यह बिल्डिंग भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL), गाजियाबाद ने अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत बनाई है। इसमें प्राथमिक और द्वितीयक प्रतीक्षा क्षेत्र, प्रवेश और निकास द्वार, रैंप, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं हैं। एम्स में फिलहाल आश्रय के तहत 24 घंटे मानवीय आधार पर शेल्टर सुविधा दी जाती है।
इसका खास लाभ उन मरीजों और तीमारदारों को मिलता है, जो इलाज के लिए दिल्ली से बाहर से आते हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने एम्स में विशेष अभियान के तहत चल रही सफाई, सैनिटेशन और कचरा प्रबंधन संबंधी पहलों की भी समीक्षा की। एम्स में 11 वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट प्लांट हैं। इनके जरिए ट्रीटेड पानी का दोबारा इस्तेमाल किया जा रहा है।
दिल्ली एम्स में नंबर कैसे लगाएं
सरकारी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सिस्टम (ORS) पोर्टल पर जाएं
अपना मोबाइल नंबर या ABHA (Ayushman Bharat Health Account) आईडी दर्ज करके लॉगिन करें।
इसके बाद ‘Book Appointment’ पर क्लिक करें।
नया मरीज (New Appointment) या पुराना फॉलो-अप (Follow-up) चुनें।
संबंधित विभाग (जैसे- राजकुमारी अमृत कौर ओपीडी, सीएन सेंटर, आरपी सेंटर आदि) और डॉक्टर का चुनाव करें)।
तारीख और समय का स्लॉट चुनें और आधार कार्ड या मोबाइल नंबर के जरिए ओटीपी वेरीफाई कर अपॉइंटमेंट कंफर्म करें।
दिल्ली एम्स में फोन से बुकिंग कैसे करें
आप दिल्ली एम्स की टेलीफोनिक ओपीडी बुकिंग सेवा का उपयोग कर सकते हैं: 011-26589142 (सोमवार से शनिवार, सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक)
सीधे अस्पताल पहुंचकर भी करा सकते हैं बुकिंग
यदि आप ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर पाए हैं, तो सुबह के समय एम्स ओपीडी काउंटर पर जाकर ऑफलाइन पर्ची बनवा सकते हैं।
एम्स ओपीडी पंजीकरण का समय आमतौर पर सोमवार से शनिवार, सुबह 08:30 AM से 10:30 AM तक रहता है।

