HomeमनोरजनJailer 2 को Box Office पर 14वें दिन जोर का झटका, अजय...

Jailer 2 को Box Office पर 14वें दिन जोर का झटका, अजय देवगन की ‘दृश्‍यम 3’ लड़खड़ाई, ‘उड़ता तीर’ ने मारी गुलाटी

बुधवार को बॉक्‍स ऑफिस पर रजनीकांत की ‘जेलर 2’ को तगड़ा झटका लगा है। फिल्‍म ने 14वें द‍िन अब तक की सबसे कम कमाई की है। यही हाल 27 द‍िन पुरानी अजय देवगन की ‘दृश्‍यम 3’ के साथ भी हुआ है। फ‍िल्‍म ने पहली बार लाख में ब‍िजनस क‍िया है। जबकि ‘उड़ता तीर’ ने छठे द‍िन भी औसत कारोबार ही क‍िया है।

रजनीकांत की ‘जेलर 2’ बॉक्‍स ऑफिस पर बंपर हिट साबित हो चुकी है। यह कॉलीवुड की सबसे अध‍िक कमाई करने वाली फिल्‍म बन चुकी है। जाहिर है ऐसे में इससे उम्‍मीदें और बढ़ गई हैं। लेकिन रिलीज के 14वें दिन इसे तगड़ा झटका लगा है। फिल्‍म की कमाई में बुधवार को 21.08% की कमी दर्ज गई है। यह एक दिन में फिल्‍म की अब तक की सबसे कम कमाई है। हालांकि, यह वर्ल्‍डवाइड ₹755 करोड़ के पार पहुंच गई है। पहले हफ्ते में देश में ₹334.35 करोड़ कमाने के बाद, दूसरे हफ्ते के छह दिनों में अब तक फिल्‍म ने देश में ₹105.80 करोड़ का नेट बिजनस किया है। दूसरी ओर, हिंदी फिल्‍मों में आयुष्‍मान खुराना की ‘उड़ता तीर’ की कमाई भी छठे दिन 18.46% गिरी है। जबकि अजय देवगन की ‘दृश्‍यम 3’ 27 दिनों में पहली बार करोड़ से कम लाखों में पहुंच गई है। ‘नई नवेली’ और ‘प्रहार’ पहले ही सुध-बुध खो चुकी है।

बुधवार को भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर कमोबेश हर फिल्‍म की कमाई गिरी है। हालांकि, रजनीकांत की ‘जेलर 2’ का नुकसान इसलिए गंभीर है कि जिस रफ्तार से डायरेक्‍टर नेल्‍सन दिलीपकुमार की यह फिल्‍म कमाई कर रही थी, इसके वर्ल्‍डवाइड ₹900 करोड़ या ₹1000 करोड़ तक पहुंचने की उम्‍मीद जगी थी। लेकिन अब चिंता यह है कि 7 दिन बाद रणबीर कपूर, साई पल्‍लवी और यश की ‘रामायणम्’ रिलीज होगी। यह एक ग्रैंड रिलीज है, लिहाजा पैन इंडिया थ‍िएटर्स के अध‍िकतर शोज इसी के नाम होंगे। मेकर्स के मुताबिक, वह इस महाकाव्‍य फिल्‍म को100 से अध‍िक देशों में 50,000 स्‍क्रीन्‍स पर रिलीज कर रहे हैं।

‘जेलर 2’ बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन

14वें दिन ‘जेलर 2’ ने देश में 10542 शोज से कुल ₹6.55 करोड़ की नेट कमाई की है। यह फिल्‍म की एक दिन में अब तक की सबसे कम कमाई है। एक दिन पहले मंगलवार को ₹8.30 करोड़ का नेट बिजनस हुआ था। बहरहाल, बुधवार को ‘जेलर 2’ ने तमिल वर्जन से ₹3.65 करोड़, तेलुगू से ₹1.50 करोड़, हिंदी से ₹1.20 करोड़ और कन्नड़ से ₹20 लाख की कमाई की है। इसी के साथ भारत में रजनीकांत की फिल्‍म का कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹495.00 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹423.00 करोड़ हो गया है। फिल्‍म का बजट ₹350 करोड़ है। इस लिहाज से यह देश में ₹73 करोड़ का मुनाफा कमा चुकी है।

‘जेलर 2’ की दूसरे हफ्ते में कमाई का ब्‍यौरा
9वां दिन, शुक्रवार – ₹14.50 करोड़
10वां दिन, शनिवार – ₹24.15 करोड़
11वां दिन, रविवार – ₹25.70 करोड़
12वां दिन, सोमवार – ₹9.45 करोड़
13वां दिन, मंगलवार – ₹8.30 करोड़
14वां दिन, बुधवार – ₹6.55 करोड़

‘जेलर 2’ वर्ल्डवाइड कलेक्‍शन

‘जेलर 2’ की सबसे अच्‍छी बात यह रही है कि ये देश के साथ ही विदेशों में भी शानदार कमाई कर रही है। फिल्म ने 14वें दिन भी ओवरसीज मार्केट से ₹2.50 करोड़ की ग्रॉस कमाई की है। जबकि 14 दिनों में विदेशों में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹260.50 करोड़ तक पहुंचा है। ‘जेलर 2’ ने इस तरह वर्ल्‍डवाइड ₹755.50 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन कर लिया है। फिल्‍म के पास अभी भी 7 दिन तक खुलकर कमाई करने का मौका है। ऐसे में उम्‍मीद यही है कि यह लाइफटाइम ₹1000 करोड़ तक भले न पहुंचे, लेकिन ₹900 कराड़ के आसपास जरूर पहुंच सकती है।

‘उड़ता तीर’ बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन

दूसरी ओर, आयुष्‍मान खुराना और सारा अली खान की ‘उड़ता तीर’ का हाल बहुत अच्‍छा नहीं है। सही मायने में इसके सामने हिंदी सिनेमाघरों में कोई बड़ा कंपीटिशन नहीं है। ‘दृश्‍यम 3’ का क्रेज अब धीमा हो चला है। ‘जेलर 2’ हिंदी डब वर्जन में बहुत जबरदस्‍त कमाई नहीं कर रही है। ‘हनुमान अंश’ का जादू भी अब खत्‍म हो चला है। लेकिन फिर भी यह स्‍पाई-कॉमेडी दर्शकों को रिझा नहीं पा रही है। रिलीज के छठे दिन बुधवार को ‘उड़ता तीर’ ने ₹2.65 करोड़ की नेट कमाई की है, जो एक दिन पहले ₹3.25 करोड़ थी। करीब ₹65 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्‍म 6 दिनों में देश में ₹34.18 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन और ₹28.65 करोड़ का नेट बिजनस ही कर पाई है। वर्ल्‍डवाइड ग्रॉस कलेक्‍शन ₹42.68 करोड़ है।

पहला दिन, शुक्रवार – ₹4.10 करोड़
दूसरा दिन, शनिवार – ₹7.25 करोड़
तीसरा दिन, रविवार – ₹8.20 करोड़
चौथा दिन, सोमवार – ₹3.20 करोड़
पांचवां दिन, मंगलवार – ₹3.25 करोड़
छठा दिन, बुधवार – ₹2.65 करोड़

‘दृश्‍यम 3’ बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन

अजय देवगन की ब्‍लॉकबस्‍टर ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ भी अब धीमी पड़ रही है। 27 दिनों में पहली बार यह करोड़ में कमाई नहीं कर पाई। अपने चौथे बुधवार को फिल्‍म ने 3169 शोज से ₹90 लाख की नेट कमाई की। इसके साथ ही भारत में अब तक का फिल्‍म का कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹445.66 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹372.10 करोड़ हो गया है। जबकि विदेशों में हुई ₹131.90 करोड़ की कमाई की बदौलत वर्ल्‍डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹577.56 करोड़ तक पहुंचा है। ₹110 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्‍म देश में अपनी लागत के मुकाबले 238.27% का मुनाफा कमा चुकी है।

‘दृश्‍यम 3’ की बॉक्‍स ऑफिस कमाई का ब्‍यौरा
पहला हफ्ता – ₹245.50 करोड़
दूसरा हफ्ता – ₹87.50 करोड़
तीसरा हफ्ता – ₹28.85 करोड़
22वां दिन, शुक्रवार – ₹1.40 करोड़
23वां दिन, शनिवार – ₹2.65 करोड़
24वां दिन, रविवार – ₹3.00 करोड़
25वां दिन, सोमवार – ₹1.05 करोड़
26वां दिन, मंगलवार – ₹1.25 करोड़
27वां दिन, बुधवार – ₹90 लाख
‘नई नवेली’ और ‘प्रहार’ फ्लॉप

इन सब के बीच यामी गौतम की ‘नई नवेली’ और राजकुमार राव की ‘प्रहार – द अनटोल्‍ड स्‍टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ का हाल बेहाल है। 13वें दिन ‘प्रहार’ ने जहां ₹29 लाख की नेट कमाई की है, वहीं ‘नई नवेली’ ने महज ₹23 लाख का बिजनस किया है। ₹50 करोड़ के बजट में बनी ‘नई नवेली’ 13 दिनों में सिर्फ ₹25.53 करोड़ का नेट कलेक्‍शन कर पाई है। जबकि ₹60 करोड़ के बजट में बनी ‘प्रहार’ का नेट कलेक्‍शन ₹21.29 करोड़ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments