भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट एवं जिला अंधत्व निवारण समिति, धार के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन
सरदारपुर, जिला धार : भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट (IHRCT) एवं जिला अंधत्व निवारण समिति, जिला धार के संयुक्त तत्वावधान में 28 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरदारपुर में निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शीला मुजाल्दा एवं भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट के राष्ट्रीय संयोजक श्री प्रेमकुमार वैद्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान श्री गणेश के पूजन के साथ किया गया।
ग्रामीण एवं जरूरतमंद मरीजों को मिल रही नेत्र चिकित्सा सुविधा
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शीला मुजाल्दा ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के अंतिम व्यक्ति तक नेत्र चिकित्सा की सुविधा पहुँचाना है। शिविरों के माध्यम से मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है तथा मोतियाबिंद से पीड़ित चयनित मरीजों का लेंस प्रत्यारोपण चोइथराम नेत्रालय, इंदौर के कुशल नेत्र विशेषज्ञों द्वारा किया जाता है। इस प्रकार के आयोजनों से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को काफी लाभ मिल रहा है।
अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना संगठन का संकल्प
भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट के राष्ट्रीय संयोजक श्री प्रेमकुमार वैद्य ने संगठन की स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों एवं समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाने के प्रयासों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संगठन का संकल्प है कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ प्राप्त हों। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित न रहे।
86 मरीजों की जाँच, 29 मरीज ऑपरेशन हेतु इंदौर रवाना
शिविर में नेत्र चिकित्सा सहायक डॉ. सतीश पाराशर द्वारा कुल 86 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। परीक्षण के उपरांत मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित 29 मरीजों को बस के माध्यम से चोइथराम नेत्रालय, इंदौर भेजा गया, जहाँ उनके ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण की चिकित्सा प्रक्रिया की जानी है।
इस अवसर पर भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट के धार जिला अध्यक्ष श्री कैलाश बघेल ने उपस्थित चिकित्सकों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। शिविर में ट्रस्ट के सरदारपुर तहसील अध्यक्ष श्री बुड्ढे सिंह पंडर, महिला तहसील अध्यक्ष श्रीमती सीता शर्मा, सचिव श्रीमती साधना उपाध्याय तथा सदस्य श्री रामसिंह देवड़ा एवं श्री भारत सिंह खराड़ी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा मरीजों को चाय एवं बिस्किट के पैकेट वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराना तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का संदेश
भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट (IHRCT) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुनील सिंह यादव ने कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। आँखों की रोशनी व्यक्ति के जीवन में आत्मनिर्भरता, सम्मान और नई उम्मीद लेकर आती है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण परिवारों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट भविष्य में भी स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित संस्थाओं के सहयोग से ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता रहेगा, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँच सके। हमारा संकल्प है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति आर्थिक कठिनाइयों के कारण आवश्यक चिकित्सा सुविधा से वंचित न रहे।”
राष्ट्रीय कार्यकारिणी का संयुक्त संदेश
भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट (IHRCT) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सरदारपुर में आयोजित नेत्र शिविर को जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट (IHRCT) की संस्थापक श्रीमती मालती सुनील सिंह यादव, राष्ट्रीय सचिव श्री शिवम तिवारी, राष्ट्रीय संयोजक डॉ. प्रेम कुमार वैद्य , राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती साधना सेठी , राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. हरीश शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री श्री रामवेश सिंह राजावत, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री सुरेन्द्र प्रकाश यादव , राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती मधु शर्मा , युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कृष्णा यादव , राष्ट्रीय विधिक सलाहकार श्री इंद्रजीत सिंह चौहान, राष्ट्रीय मंत्री श्री मनीष गुप्ता, राष्ट्रीय कोर्डिनेटर श्री सुनील सेठिया,हेल्पलाइन प्रभारी युवराज सिंह राठौर एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री जीवनलाल जैन चायवाले ने संयुक्त संदेश में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक पहुँचाने में सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला अंधत्व निवारण समिति, स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सकों एवं ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं के समन्वित प्रयासों से जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिल रहा है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट मानवाधिकार संरक्षण के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में भी जनहितकारी गतिविधियों के लिए प्रतिबद्ध है।

